Khabarilaal News Desk :

असम के गोलपाड़ा जिले के एक सरकारी स्कूल में टिफिन के दौरान कथित बीफ विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मामला कृष्णई क्षेत्र स्थित हाबराघाट हायर सेकेंडरी स्कूल का बताया जा रहा है। आरोप है कि नौवीं कक्षा के कुछ मुस्लिम छात्र अपने टिफिन में बीफ लेकर स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान दो हिंदू छात्रों को भी वह मांस खाने के लिए कथित तौर पर दबाव डाला गया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया।

छात्रों ने शिक्षक को दी जानकारी

बताया जा रहा है कि प्रभावित छात्रों ने घटना की जानकारी स्कूल के शिक्षकों को दी। बाद में जब छात्र घर पहुंचे तो उन्होंने पूरी बात अपने परिवार वालों को बताई। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग स्कूल पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग करने लगे।

स्कूल प्रशासन पर भी उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन ने शुरुआती स्तर पर मामले को दबाने का प्रयास किया। हालांकि विद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों को समझाया गया था और उनसे लिखित आश्वासन लिया गया कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

पीड़ित छात्रों के परिजनों की शिकायत पर कृष्णई थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने पूछताछ के लिए संबंधित छात्रों और उनके अभिभावकों को बुलाया। जांच के दौरान एक छात्र की मां नूर साहिदा बेगम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि नाबालिग छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों ने किया स्कूल का दौरा

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला आयुक्त प्रदीप तिमुंग और पुलिस अधीक्षक नवनीत महंता ने स्कूल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

स्कूलों के लिए जारी किए गए निर्देश

घटना के बाद जिला प्रशासन ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि छात्र टिफिन में मांस या मछली जैसी खाद्य सामग्री न लाएं। प्रशासन ने कहा है कि स्कूलों में शाकाहारी भोजन को प्राथमिकता दी जाए, हालांकि अंडे की अनुमति रहेगी।

जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

10 + 2 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!