वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। स्थानीय थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत गड़वा गांव में बेची गई जमीन के पैसे को लेकर नाराज दामाद ने बीती रात अपने ससुर की गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना के दौरान उसकी पत्नी और बच्चे भी वही पर मौजूद रहे। पत्नी रोकती रही और बच्चे चीखते चिल्लाते रहे लेकिन नशे में चूर दामाद ने किसी की एक न सुनी और जान ले ली। ससुर की हत्या करने के बाद दामाद घर में ही बैठा रहा। मृतक की बेटी द्वारा सूचना दिए जाने के बाद बड़ागांव थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक की डेड बॉडी को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया वहीं आरोपी दामाद को हिरासत में लेकर उसे पूछताछ कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताते चलें कि शिवपुर थाना क्षेत्र के भरलाई निवासी संजय कुमार की शादी 13 साल पहले बड़ागांव थाना क्षेत्र के गड़वा गांव निवासी किशोरी उर्फ झगड़ु की बेटी नीतू से हुई थी। शादी के समय संजय कुमार पलोदारी का काम करता था। लेकिन शादी के बाद वह अपने ससुराल में ही आकर रहने लगा। ससुराल में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। इस बीच संजय और नीतू को तीन बेटे हुए। जिसमें पहला बेटा आयुष 12 साल का है। दूसरा अंश 10 साल और तीसरा अन्वय 8 साल का है। ससुराल में रहकर संजय कुमार मजदूरी करता था जबकी उसका ससुर ट्रॉली चलाता था। कुछ साल पहले संजय के ससुर किशोरी ने आवंटन की जमीन को की लिखापढ़ी करके किसी को बेच दिया। जमीन बेचने के बाद रुपए को लेकर संजय और उसके ससुर में अक्सर कहासुनी होती थी।
घटना के बाद आरोपी की पत्नी नीतू ने बताया कि उसका पति संजय मजदूरी करने के बाद गुरुवार शाम को घर आया तथा उसके बाद रात करीब 8 बजे पिता किशोरी भी ट्राली चलाकर घर लौटे। इस दौरान संजय अपने ससुर किशोरी को गाली देने लगा। नीतू ने कहा कि वह समझाने और मना करने पहुंची तो संजय उसको भी गाली देने लगा। कहासुनी के बीच संजय और किशोरी के बीच हाथापाई होने लगी। इस दौरान संजय के बेटे भी पहुंचे उन्होंने नाना को मारने से मना किया लेकिन उसके पिता नहीं माने और बच्चों को भी गाली देते हुए वहां से भगा दिया।
घटना के बाद आरोपी के बच्चों और पत्नी नीतू ने बताया कि संजय पहले अपने ससुर के सीने पर वार किया। वार करने के बाद गला दबा दिया जिससे मौत हो गई। ससुर को मारने के बाद संजय कमरे में चला गया तथा पिता को स्थिर देख नीतू के द्वारा शोर मचाने के बाद पड़ोसी वहां पहुंचे और उन लोगों ने डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर द्वारा किशोरी को मृत घोषित कर दिया उसके बाद लोग रोने चिल्लाने लगे। नीतू द्वारा फोन करके पुलिस को जानकारी दी गई। जानकारी मिलने के बाद बड़ागांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और संजय कुमार को हिरासत में ले लिया तथा किशोरी की डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले में बड़ागांव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि ससुर की हत्या करने के आरोपी दामाद को हिरासत में लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
