Khabarilaal News Desk :
चीनी रोबोट के लिए अमेरिकी जनता और वहां की संसद के विचार पूरी तरह अलग नजर आ रहे हैं। चीन की रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री (Unitree) के G1 ह्यूमनॉइड रोबोट ने अमेरिका के मशहूर टीवी शो America’s Got Talent में चीनी डांसर वू युफेई के साथ शानदार डांस परफॉर्मेंस दी, जिसे दर्शकों ने खड़े होकर तालियों से सराहा।
दर्शकों को खूब पसंद आई परफॉर्मेंस
शो में आठ ह्यूमनॉइड रोबोट्स ने डांसर के साथ तालमेल बनाते हुए बेहतरीन परफॉर्मेंस दी। इस वीडियो की क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और यूट्यूब पर इसे लाखों बार देखा जा चुका है। दर्शकों ने इस तकनीकी प्रदर्शन को भविष्य की झलक बताया।
एक्सपर्ट्स बोले– बदल रहा है नजरिया
एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस तरह के शो में रोबोट्स की मौजूदगी से आम लोगों में चीनी तकनीक को लेकर स्वीकार्यता बढ़ेगी। वहीं यह अमेरिका और वॉशिंगटन के नीतिगत रुख के बीच एक बड़ा अंतर भी दिखाता है।
संसद में बैन को लेकर चर्चा
वहीं दूसरी ओर अमेरिकी संसद में इन चीनी रोबोट्स को लेकर सख्ती बढ़ती दिख रही है। हाल ही में “गार्ड एक्ट (Guard Act)” नाम का बिल पेश किया गया है, जिसका उद्देश्य ऐसे रोबोट्स पर रोक लगाना है जिन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना जा रहा है। इसके अलावा “अमेरिकन सिक्योरिटी रोबोटिक्स एक्ट” पर भी विचार चल रहा है, जो अमेरिकी सरकारी खरीद में चीनी कंपनियों को सीमित करेगा।
टेक्नोलॉजी बनाम पॉलिसी की जंग
एक तरफ जहां आम अमेरिकी दर्शक इस तकनीक और मनोरंजन को पसंद कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नीति निर्माता इसे सुरक्षा के नजरिए से देख रहे हैं। यही कारण है कि इस मामले ने अमेरिका में तकनीक और राजनीति के बीच नई बहस छेड़ दी है।
Comments (0)