वाराणसी। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को लेकर वाराणसी में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। 14 और 15 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन और प्रतिबंध लागू करने की एडवाइजरी जारी की है।
यातायात पुलिस के अनुसार परीक्षा के दौरान कुछ मार्गों पर मालवाहक वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जबकि कई स्थानों से चार पहिया वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।इसका उद्देश्य परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय से पहुंचने में सुविधा देना और शहर में जाम की समस्या से बचाव करना है।
वाराणसी ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक 14 और 15 मार्च को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक वाराणसी शहर से राजघाट पुल होते हुए आने-जाने वाले तथा पड़ाव चौराहा से सूजाबाद और राजघाट की ओर जाने वाले सभी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।वही इन दोनों दिनों सुबह 9 बजे से आवश्यकता के अनुसार टेम्पो ट्रैवलर, आर्मेनिया सहित अन्य चार पहिया बसों और बड़े वाहनों को अमर उजाला तिराहा से लहुराबीर और मैदागिन चौराहा की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे वाहनों को लकड़ीमंडी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।तथा 14 और 15 मार्च को सुबह 11 बजे से आवश्यकतानुसार विशेश्वरगंज तिराहा से मैदागिन चौराहा की ओर चार पहिया वाहनों के आवागमन पर भी रोक लगाई जा सकती है।
बताते चलें कि यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुचारू यातायात बनाए रखने के लिए जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अतिरिक्त डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं।यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने सभी नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए जारी एडवाइजरी का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Comments (0)