वाराणसी। अफ्रीकी देश के रास्ते भारत में सोना तस्करी किये जाने का ताजा मामला प्रकाश में आया है,जिसमें जीआरपी,आरपीएफ व सीआईबी की संयुक्त टीम ने तीन करोड़ 54 लाख रूपये के सोने के बिस्किट के साथ दो तस्करों को हिरासत में लिया है।

वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की टीम के संयुक्त कार्यवाही में घेरेबंदी कर दो तस्करों को दो किलोग्राम से अधिक सोने के बिस्किट के साथ ​हिरासत में लिया गया। जानकारी के अनुसार दोनों तस्कर महाराष्ट्र के रहने वाले है और बंगाल के रास्ते सोने की बिस्किट को ट्रेन से ही दिल्ली ले जाकर डिलीवरी करने वाले थे। तस्करों से इतने बड़े पैमाने पर सोने के बिस्किट बरामद होने की सूचना पर पहुंची कस्टम और आयकर विभाग की टीम जांच में जुटी है। 

कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचे प्रयागराज जोन के आईजी रेलवे एन.कोलांची ने मीडिया से बातचीत में जानकारी दिया कि पकड़े गए तस्कर महाराष्ट्र के रहने वाले है। इनसे पूछताछ में जानकारी मिली कि एक  छात्र और एक पेंटर है। यह दोनों तस्कर तीन माह में करीब 35 से 40 बार तस्करी का काम कर चुके है। सूचना पर कैंट रेलवे स्टेशन पर इन्हें ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ में जानकारी मिली कि तस्कर गिरोह द्वारा बंगाल में इन्हें यह अफ्रीकी सोने की बिस्किट दी जाती थी और इन्हें एक मोबाइल फोन दिया जाता था। बंगाल से दिल्ली के बीच ट्रेन में ही किसी अंजान व्यक्ति को इन्हें यह डिलीवर करना होता था और इन्हें डिलीवरी के बाद पैसे मिलते थे। प्रयागराज जोन के आईजी रेलवे ने आशंका व्यक्त करते हुए बताया कि तस्करों के पास से बरामद हुआ सोना अफ्रीका का है।

आईजी रेलवे ने बताया कि अफ्रीका का यह सोना बांग्लादेश के रास्ते पश्चिम बंगाल पहुंचता और बंगाल से भारत के अन्य राज्यों में पहुंचाया जाता है। यह आशंका है कि इसमें और लोग भी शामिल हो सकते हैं और इसिलिए इस पूरे सिंडिकेट को पकड़ने के लिए एक टीम भी गठित की गई है। 

Sponsor Advertisment
S.R. Platinum English School, Harahua
Link Copied to Clipboard!