Khabarilaal News Desk :

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां धसान नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बताया जा रहा है कि शिक्षक बड़े भाई ने पहले अपने डूबते बेटे की जान बचाई, लेकिन खुद नदी में समा गए। उन्हें बचाने के लिए नदी में कूदे छोटे भाई की भी डूबने से मौत हो गई।

विश्वामित्र आश्रम घूमने गया था परिवार

फतेहपुर जिले के चांदपुर क्षेत्र के विजौली गांव निवासी जितेंद्र महोबा के पनवाड़ी ब्लॉक स्थित नेकपुरा गांव में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। रविवार शाम वह अपने छोटे भाई राजा, भाई रंजीत, पत्नी कोमल, बेटे सिद्धांत और साले दिलीप के साथ नगारा घाट स्थित धसान नदी किनारे विश्वामित्र आश्रम घूमने गए थे।

बेटे को बचाया, खुद गहरे पानी में समा गए

नदी में नहाते समय शिक्षक जितेंद्र और उनका बेटा सिद्धांत गहरे पानी में चले गए। बेटे को डूबता देख जितेंद्र ने उसे संभालकर किनारे की ओर उछाल दिया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि इस प्रयास में वह खुद गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

बड़े भाई को बचाने कूदा छोटा भाई

बड़े भाई को डूबता देख छोटा भाई राजा भी बिना देर किए नदी में कूद पड़ा। उसने जितेंद्र को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी गहरे पानी के भंवर में फंस गया। देखते ही देखते दोनों भाई नदी में समा गए।

पुलिस भर्ती परीक्षा देने आया था राजा

परिजनों के अनुसार राजा पुलिस भर्ती परीक्षा देने महोबा आया था। उसका सपना खाकी वर्दी पहनकर देश सेवा करने का था। लेकिन बड़े भाई को बचाने की कोशिश में उसने अपनी जान गंवा दी। परिवार का कहना है कि दोनों भाइयों ने एक-दूसरे को बचाने की अंतिम क्षण तक कोशिश की, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

कुछ ही मिनटों में बिखर गया परिवार

नदी किनारे मौजूद लोगों और मछुआरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

शिक्षक जितेंद्र की पत्नी कोमल के सिर से पति का साया उठ गया, बेटे सिद्धांत ने अपने पिता को खो दिया, जबकि वृद्ध माता-पिता के दो जवान बेटे एक साथ दुनिया से विदा हो गए।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

दो सगे भाइयों की एक साथ मौत की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। हर कोई इस दर्दनाक घटना को सुनकर स्तब्ध है।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

6 + 4 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!