Khabarilaal News Desk :

वाराणसी के सिंधोरा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सारयशेखलार्ड गांव के पास पिकअप और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में ऑटो सवार छह लोग घायल हो गए। हादसे में तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

टक्कर से ऑटो के उड़े परखच्चे

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे एक ऑटो सवारी लेकर सिंधोरा की ओर आ रहा था। इसी दौरान सारयशेखलार्ड के सामने सामने से आ रही पिकअप से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।

तीन लोग गंभीर रूप से घायल

हादसे में ऑटो चालक बादल सोनकर (25 वर्ष) निवासी सिंधोरा, जमालुद्दीन (35 वर्ष) निवासी सिंधोरा तथा रंजीत चौहान (30 वर्ष) निवासी गुलरा, थाना चोलापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं तीन अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं।

जमालुद्दीन को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर किया गया रेफर

घायलों में जमालुद्दीन के दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहीं बादल और रंजीत को भी हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।

मजदूरी कर लौट रहे थे सभी यात्री

बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार सभी लोग शहर से मजदूरी और मिस्त्री का काम करके अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पहुंच गए।

पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया

घायलों को पहले सिंधोरा के एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि ऑटो में कुल छह लोग सवार थे। इनमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जबकि तीन को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

 
Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

1 + 9 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!