Khabarilaal News Desk :

वाराणसी में टीजीटी परीक्षा के दौरान दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर बैठकर परीक्षा देने वाले दो युवकों को चेतगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से पकड़े गए। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल फोन, फर्जी दस्तावेज, प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड सहित अन्य सामग्री बरामद की है।

परीक्षा केंद्र से हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमृतराज आनंद (28 वर्ष) निवासी सहरसा, बिहार तथा छोटू कुमार (39 वर्ष) निवासी मधेपुरा, बिहार के रूप में हुई है।

शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसीपी चेतगंज शुभम कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी वास्तविक अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे थे और फर्जी पहचान पत्रों का उपयोग कर रहे थे।

2 लाख रुपये में हुआ था सौदा

पुलिस पूछताछ में अमृतराज आनंद ने बताया कि उसने एक अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने के लिए दो लाख रुपये में सौदा किया था। इसके एवज में 20 हजार रुपये अग्रिम रूप से प्राप्त भी कर लिए गए थे। शेष रकम परीक्षा परिणाम आने के बाद देने की बात तय हुई थी।

आरोपी ने बताया कि उसके पास ऐसे आधार कार्ड और प्रवेश पत्र थे जिन पर नाम दूसरे अभ्यर्थियों का था, लेकिन फोटो उसकी और उसके साथी की लगी हुई थी। लालच में आकर दोनों ने यह कार्य किया।

पुलिस ने बरामद किए कई दस्तावेज

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक बैग, दो-दो प्रवेश पत्र, चार आधार कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, एक दिल्ली मेट्रो कार्ड, एक सिम कार्ड तथा दो फोटो बरामद किए गए हैं।

कई धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

चेतगंज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चेतगंज विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक विकल शांडिल्य, हेड कांस्टेबल नरेंद्र तिवारी, कांस्टेबल अम्बेश एवं सत्येंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

परीक्षा में नकल माफिया पर सख्ती

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में लगातार निगरानी की जा रही है। परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थियों और सॉल्वर गैंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

5 + 7 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!