Khabarilaal News Desk :

चोलापुर, वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में चेन स्नेचरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला चंदापुर चौकी क्षेत्र के साई गांव का है, जहां दिनदहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने कुकर साफ करने वाला पाउडर बेचने के बहाने पहुंचकर एक वृद्धा के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

कुकर क्लीनर बेचने के बहाने बनाई वारदात की योजना

प्राप्त जानकारी के अनुसार साई गांव निवासी लाल बहादुर कन्नौजिया ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके घर के पास एक व्यक्ति कुकर साफ करने वाला पाउडर बेचने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान आसपास की एक महिला ने पाउडर खरीदने से मना कर दिया। तभी लाल बहादुर की मां भी घर से बाहर निकलकर वहां खड़ी हो गईं।

आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए वृद्धा के गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए।

देखते ही देखते फरार हो गए बदमाश

घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश मौके से भाग निकले। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने चंदापुर चौकी पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय

प्रभारी निरीक्षक चोलापुर सधुवन राम गौतम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि गांवों में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने से इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी करने की मांग की है।

रिपोर्टर  –  ओमकार

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

6 + 8 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!