Khabarilaal News Desk :

विकासखंड आराजी लाइन स्थित बहुउद्देशीय किसान कल्याण केंद्र, जन्सा में शुक्रवार को यूपी एग्री योजना के अंतर्गत चयनित किसानों को नि:शुल्क धान, ढैंचा एवं मिश्रित हरी खाद के बीज वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किसानों से संतुलित उर्वरकों के उपयोग, हरी खाद की समय पर बुवाई तथा फसल चक्र अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेतों की उर्वरता बनाए रखने और बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक खेती को अपनाना समय की आवश्यकता है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने का आह्वान

इस अवसर पर कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने किसानों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और कृषि विकास एक-दूसरे के पूरक हैं।

पांच वर्षों तक मिलेगा बहुआयामी लाभ

यूपी एग्रीज परियोजना के डीपीएम ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना विश्व बैंक के सहयोग से संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत अगले पांच वर्षों तक किसानों के बहुमुखी विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को तकनीकी, आर्थिक और कृषि संबंधी सहायता प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

समय पर करें बुवाई : जिला कृषि अधिकारी

जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी और धान एवं ढैंचा के बीजों की समय पर बुवाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बुवाई में अनावश्यक विलंब होने पर उत्पादन प्रभावित हो सकता है, इसलिए किसान निर्धारित समय पर बीजों का उपयोग करें।

बड़ी संख्या में पहुंचे किसान

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) तथा कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। किसानों ने सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं और नि:शुल्क बीज वितरण कार्यक्रम की सराहना की।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

9 + 10 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!