Khabarilaal News Desk :
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पिंडरा विकास खंड मुख्यालय मंगारी में भव्य जागरूकता अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दर्जनों पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संकल्प लिया गया।
संरक्षण पर दिया गया विशेष जोर
‘एक पौधा माँ के नाम’ अभियान एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख संरक्षक एवं भाजपा नेता रविशंकर सिंह ने कहा कि केवल पौधरोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोपे गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से प्रत्येक ग्राम सभा को पौधरोपण अभियान से संतृप्त करने और पौधों की सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
ग्राम प्रधानों की जिम्मेदारी तय
खंड विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधानों को अपनी ग्राम सभाओं की खाली भूमि चिन्हित कर वहां अधिक से अधिक पौधरोपण कराना चाहिए। इससे गांवों में हरित वातावरण विकसित होगा और पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी।
सभी की साझा जिम्मेदारी
ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था या विभाग का कार्य नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर बल दिया।
जनप्रतिनिधियों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में एडीओ पंचायत अशोक चौबे, एडीओ एसटी कैलाश यादव, धर्मेंद्र सिंह देव, ग्राम प्रधान सुनील सिंह, ब्लॉक लेखाधिकारी बृजेश पांडेय, बार के पूर्व महामंत्री सुधीर सिंह, हलचल सोनकर, दिनेश कुमार, अरविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधों की सुरक्षा और संवर्धन से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
Comments (0)