Khabarilaal News Desk :

पिंडरा, वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर नागापुर गांव के सामने मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही एक युवती और उसके पिता की मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।

पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही थी युवती

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोदूपुर, रामनगर (वाराणसी) निवासी पृथ्वीनाथ सोनकर (64) अपनी पुत्री आंचल सोनकर (20) को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से जौनपुर जा रहे थे। बाइक कटेसर, कोतवाली मुगलसराय (चंदौली) निवासी दिनेश सोनकर (23) चला रहा था।

ट्रक की चपेट में आई बाइक

बताया जाता है कि सुबह करीब छह बजे पिंडरा बाइपास पर पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे पिता-पुत्री ट्रक के पहिये के नीचे आ गए, जबकि चालक बाइक समेत दूर जा गिरा।

मौके पर हुई पिता-पुत्री की मौत

हादसा इतना भीषण था कि पृथ्वीनाथ सोनकर और आंचल सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चालक दिनेश सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को जिला अस्पताल किया गया रेफर

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल दिनेश को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिवार में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही युवती की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्र में भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक का माहौल है।

पुलिस फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश में जुट गई है तथा मामले की जांच कर रही है।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

6 + 5 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!