Khabarilaal News Desk :
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पिंडरा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय दान्दूपुर में पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग, मौसम के असामान्य बदलाव और लगातार बढ़ते तापमान के दौर में वृक्षारोपण केवल एक संस्थागत कार्यक्रम नहीं, बल्कि हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा।
दर्जनों पौधे लगाए गए
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में मौसढ़ी, महोगनी सहित दर्जनों छायादार एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि ने उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी दिलाया।
अतिथियों का किया गया सम्मान
पौधरोपण कार्यक्रम में प्रो. डॉ. जय कृष्ण सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी हरहुआ पंकज यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित डॉ. शैलेन्द्र विक्रम सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में बेच कुमार सिंह, डॉ. सरोज सिंह, डॉ. राजेश्वर सिंह, राजीव सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, अरविन्द सिंह, सुरेश सिंह, अनिल सिंह, चंद्रशेखर सिंह, संजय मौर्य, मनोज सिंह, श्यामा यादव, अनूप कुमार, विभा सिंह और लीलावती सिंह सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
संरक्षण का भी लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है और हर व्यक्ति को इस दिशा में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
Comments (0)