Khabarilaal News Desk :

चोलापुर, वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर खड़े वाहन को निशाना बना लिया। बुधवार सुबह घर के बाहर खड़ी गाड़ी गायब मिलने पर वाहन स्वामी के होश उड़ गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे।

घर के बाहर खड़ी थी गाड़ी

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव निवासी हिमांशु शर्मा का मकान हैप्पी होम इंटरनेशनल स्कूल के सामने स्थित है। उन्होंने मंगलवार रात रोज की तरह अपना वाहन घर के बाहर खड़ा किया था। बुधवार सुबह जब वह बाहर निकले तो वाहन अपने स्थान पर नहीं मिला।

काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने वाहन चोरी की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस चौकी के पास हुई वारदात

घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जहां से वाहन चोरी हुआ, वहां से पुलिस चौकी की दूरी मात्र 100 मीटर बताई जा रही है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई है।

रात्रि गश्त पर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस नियमित रूप से गश्त कर रही होती तो इतनी संवेदनशील जगह पर चोरी की घटना नहीं होती। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा जल्द ही चोरों का पता लगाकर वाहन बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।

रिपोर्टर  –  ओमकार

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

2 + 8 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!