Khabarilaal News Desk :
चोलापुर थाना क्षेत्र के महदा गांव में प्रस्तावित देसी शराब ठेका खोले जाने के विरोध में शुक्रवार को सैकड़ों महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि गांव के भीतर शराब का ठेका खोला गया तो वे आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगी।
आबकारी विभाग की टीम पहुंचते ही शुरू हुआ विरोध
जानकारी के अनुसार शासनादेश के अनुपालन में आबकारी विभाग के अधिकारी, चोलापुर पुलिस और प्रस्तावित ठेका संचालक गांव पहुंचे थे। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्र हो गईं और शराब ठेका खोले जाने का विरोध शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि गांव की आबादी के बीच शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल बिगड़ेगा, घरेलू कलह बढ़ेगी और परिवारों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
महिलाओं ने जताई कड़ी आपत्ति
प्रदर्शन में शामिल किरन, पिंकू, रेखा, रेनू, आरती, रूपा, बेबी, सरिता, संगीता, प्रमिला, पुष्पा, फूल कुमारी और उर्मिला सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में पूर्व निर्धारित स्थान पर शराब का ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा।
महिलाओं का आरोप है कि शराब की आसान उपलब्धता से युवाओं और बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ता है तथा महिलाओं की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि गांव के सामाजिक वातावरण को बचाने के लिए उनका आंदोलन जारी रहेगा।
पुलिस ने समझाने का किया प्रयास
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने शासन की नीतियों और राजस्व से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अडिग रहीं।
महिलाओं का कहना था कि शराब का ठेका खुलने से उनके परिवार और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, इसलिए वे इसका हर स्तर पर विरोध करेंगी।
पांच दिनों से जारी है विरोध
ग्रामीणों के अनुसार पिछले पांच दिनों से गांव की महिलाएं लगातार निगरानी कर रही हैं और शराब ठेका स्थापित न होने देने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
Comments (0)