वाराणसी।पूर्व मध्य रेल के “विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2025” में जीएम ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड सहित 11 शील्ड प्राप्त करने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में आज उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे मंडल में हर्ष, गौरव एवं उत्साह का वातावरण रहा तथा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से इस सफलता का सामूहिक उत्सव मनाया गया।
प्रगति के पथ पर अग्रसर, हम बना रहे हैं नया भारत’ के संकल्प के साथ निकली भव्य उत्सव यात्रा
कार्यक्रम की शुरुआत डीडीयू जंक्शन से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय तक भव्य उत्सव यात्रा के साथ हुई। ‘प्रगति के पथ पर अग्रसर, हम बना रहे हैं नया भारत’ के उद्घोष के बीच निकली इस यात्रा में ढोल-नगाड़ों की गूंज ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। यात्रा में मंडल को प्राप्त सभी शील्डों को आकर्षक रूप से प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर सभी शाखा अधिकारी, बड़ी संख्या में रेलकर्मी तथा स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंडल रेल प्रबंधक ने सफलता का श्रेय प्रत्येक रेलकर्मी को दिया
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचने पर मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया गया। उन्होंने इस उपलब्धि को टीम वर्क, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम बताते हुए सभी को बधाई दी और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने का आह्वान किया।
सफलता का मनाया गया उत्सव
इसके पश्चात मंडल कार्यालय के सभागार में एक गरिमामय समारोह में केक काटकर इस सफलता का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और इस उपलब्धि को आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा के रूप में साझा किया।
डीडीयू मंडल का यह सम्मान उसके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम
डीडीयू मंडल का यह सम्मान उसके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। मंडल ने विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। 4.5 किलोमीटर लंबी ‘रुद्रास्त्र’ मालगाड़ी का सफल संचालन, वैगनों का रिकॉर्ड पीओएच (POH) तथा क्लोज्ड सर्किट रेक का गठन, माल ढुलाई क्षमता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के उदाहरण हैं।
परिचालन के क्षेत्र में मंडल लगातार भारतीय रेल के शीर्ष मंडलों में शामिल रहा है तथा हाल के महीनों में कई बार 100 प्रतिशत मेल/एक्सप्रेस समयपालन सुनिश्चित कर अपनी दक्षता सिद्ध की है। साथ ही, होली, छठ एवं दीपावली जैसे उच्च यात्री दबाव वाले अवसरों पर भी ट्रेन संचालन, यात्री सुरक्षा एवं सुविधा को प्रभावी ढंग से बनाए रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया।
नवाचार की दिशा में भी अग्रणी रहा मंडल
नवाचार की दिशा में भी मंडल अग्रणी रहा है। टिकट जांच कर्मियों के लिए डिजिटल बायोमेट्रिक साइन-अप की शुरुआत कर डीडीयू मंडल भारतीय रेल का पहला मंडल बना है जिसने इस व्यवस्था को लागू किया।
इन्फ्रास्ट्रक्चर उन्नयन के क्षेत्र में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट समन्वय
इन्फ्रास्ट्रक्चर उन्नयन के क्षेत्र में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट समन्वय से एक ही वित्तीय वर्ष में 160 किमी/घंटा एवं 180 किमी/घंटा गति परीक्षणों का सफल संचालन सुनिश्चित किया गया, जो बहु-विभागीय तालमेल और कार्यकुशलता का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसके अतिरिक्त वित्त, कार्मिक कल्याण, सामान्य विद्युत, क्रू प्रबंधन, सिग्नल कार्य एवं सामग्री प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भी मंडल ने लगातार उच्च स्तर का प्रदर्शन किया है।
डीडीयू मंडल भविष्य में भी उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों को करेगा प्राप्त
अंत में, मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय मंडल के प्रत्येक रेलकर्मी को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसी टीम भावना और प्रतिबद्धता के साथ डीडीयू मंडल भविष्य में भी उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करता रहेगा और ‘नया भारत’ के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
डीडीयू मंडल को इस वर्ष 11 प्राप्त हुईं शिल्ड —
- महाप्रबंधक शील्ड – जीएम ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड
- कार्मिक विभाग – पर्सनल ब्रांच एफिशिएंसी शील्ड
- यांत्रिक विभाग – बेस्ट फ्रेट डिपो शील्ड
- सामाग्री प्रबंधन विभाग – बेस्ट स्टोर्स डिपो शील्ड (टीआरएस/डीडीयू)
- सिग्नल एव दूरसंचार विभाग – सिग्नल एफिशिएंसी शील्ड
- विद्युत विभाग – बेस्ट जनरल सर्विस शील्ड
- विद्युत विभाग – गया को बेस्ट लोको क्रू लॉबी शील्ड
- वित्त विभाग – अकाउंट्स एफिशिएंसी शील्ड
- इंजीनियरिंग विभाग – ट्रैक मेंटेनेंस शील्ड
- परिचालन विभाग – फ्रेट लोडिंग एफिशिएंसी शील्ड
- परिचालन विभाग – समयपालन एफिशिएंसी शील्ड
इसके अलावा एक-एक शील्ड क्रमशः मुख्यालय नियंत्रित निर्माण विभाग तथा सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग को मिली है जिसमें डीडीयू मंडल का भी सहयोग व योगदान रहा है-
• निर्माण विभाग (दक्षिण) का ओवरऑल कंस्ट्रक्शन एफिशिएंसी शील्ड गया यूनिट को
• सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग का वर्क्स एफिशिएंसी शील्ड डीडीयू यूनिट को
Comments (0)