Khabarilaal News Desk :
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं ने पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। आंदोलन में देशभर से पहुंचे युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठाई।
प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके सुबह जंतर-मंतर पहुंचे, जहां पहले से ही बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और युवा मौजूद थे। कई प्रदर्शनकारी कॉकरोच के मुखौटे पहनकर आंदोलन में शामिल हुए।
शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रदर्शनकारियों ने नीट, सीयूईटी, सीबीएसई और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार की आवाज बुलंद की।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील
आंदोलन से पहले अभिजीत दीपके ने समर्थकों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने प्रतिभागियों से राष्ट्रीय ध्वज और पुस्तकें साथ लाने तथा पुलिसकर्मियों को सम्मान स्वरूप फूल भेंट करने का आग्रह किया।
आंदोलन की 5 बड़ी बातें
1. छह लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान दो गुटों के बीच संभावित टकराव की आशंका को देखते हुए छह लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया।
2. कई चर्चित हस्तियों का मिला समर्थन
आंदोलन को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, अभिनेता प्रकाश राज समेत कई चर्चित हस्तियों का समर्थन मिला। इन लोगों ने छात्रों की मांगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
3. दीपांकर भट्टाचार्य भी हुए शामिल
दीपांकर भट्टाचार्य ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर युवाओं में व्यापक नाराजगी है और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।
4. शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उनका कहना है कि परीक्षा प्रणाली में सामने आई अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
5. अभिजीत दीपके का वीडियो हुआ वायरल
भीषण गर्मी के बीच आंदोलन के दौरान अभिजीत दीपके कुछ समय के लिए एसी कार में बैठे दिखाई दिए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि समर्थकों का कहना है कि वह थोड़ी देर आराम करने के बाद दोबारा प्रदर्शन स्थल पर लौट आए थे।
प्रियंका चतुर्वेदी की प्रतिक्रिया भी चर्चा में
इस आंदोलन को लेकर प्रियंका चतुर्वेदी की सोशल मीडिया प्रतिक्रिया भी चर्चा में रही। उन्होंने कहा कि अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ऑनलाइन मिल रहा समर्थन जमीनी स्तर पर कितना प्रभाव दिखाता है।
पेपर लीक, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर पर हुआ यह प्रदर्शन अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। युवाओं की मांगों और सरकार की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Comments (0)