WORLD NEWS – TVK की जीत पर अनवर इब्राहिम ने लुटाया प्यार, बोले- दोस्त विजय पर गर्व है
Khabarilaal News Desk :
तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। फिल्म अभिनेता से नेता बने थलापति विजय की पार्टी टीवीके ने विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद देश ही नहीं, विदेशों से भी विजय को बधाइयां मिल रही हैं।
मलेशियाई पीएम ने दी खास बधाई
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर खास अंदाज में बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए विजय को अपना “दोस्त” बताया और उनकी जीत को ऐतिहासिक बताया।
अनवर इब्राहिम ने लिखा कि कई वर्षों तक विजय के प्रशंसकों ने उन्हें फिल्मों में भ्रष्ट नेताओं और खलनायकों को हराते देखा है, लेकिन अब तमिलनाडु की जनता ने उन्हें असल जिंदगी में उससे भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
‘एक उंगली क्रांति’ का किया जिक्र
मलेशियाई प्रधानमंत्री ने विजय के चुनावी नारे “ओरु विरल पुरची” यानी “एक उंगली क्रांति” का जिक्र करते हुए कहा कि यह अब इतिहास रचने की दिशा में बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि मलेशिया और तमिलनाडु के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध बेहद मजबूत रहे हैं और वह आने वाले समय में मुख्यमंत्री विजय के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।

TVK की बड़ी जीत ने बदला सियासी समीकरण
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी तमिझगा वेत्री कझगम यानी TVK ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव हासिल किया है।
सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की जरूरत है और कांग्रेस व वाम दलों ने विजय को समर्थन देने का ऐलान किया है।
DMK-AIADMK का टूटा दबदबा
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह जीत तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव है क्योंकि दशकों से राज्य की राजनीति DMK और AIADMK के इर्द-गिर्द घूमती रही है।
TVK की इस जीत ने राज्य की पारंपरिक राजनीति को नया मोड़ दे दिया है।
विजय ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
विजय ने रविवार को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
इस ऐतिहासिक पल ने दुनियाभर का ध्यान तमिलनाडु की ओर खींच लिया है।
Comments (0)