Khabarilaal News Desk :
वाराणसी। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के 18 इंटर कॉलेजों में लगभग 27.92 करोड़ रुपये (2792.61 लाख रुपये) की लागत से व्यापक विकास कार्य कराए जाने की घोषणा की है। इस योजना के तहत विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करते हुए आधुनिक संसाधनों से लैस किया जाएगा।
मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इंटर कॉलेजों के प्रबंधकों, प्राचार्यों और विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।
सभी कॉलेजों में लगेंगी सोलर लाइट
बैठक के दौरान पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने घोषणा की कि दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के जिन इंटर कॉलेजों में अभी तक सोलर ऊर्जा की व्यवस्था नहीं है, वहां उनकी विधायक निधि से 10 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
स्मार्ट क्लास और आधुनिक सुविधाओं पर जोर
योजना के अंतर्गत विद्यालयों में निम्न सुविधाओं का विकास किया जाएगा—
- स्मार्ट क्लास रूम
- कंप्यूटर लैब
- सोलर पैनल
- शौचालय निर्माण एवं मरम्मत
- ओपन जिम
- ड्रेनेज व्यवस्था
- भवनों का रंग-रोगन
- आवश्यक मरम्मत एवं इंफ्रास्ट्रक्चर विकास
डॉ. तिवारी ने कहा कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए विद्यालयों को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से सुसज्जित करना आवश्यक है।
साल के अंत तक पूरे होंगे सभी कार्य
पूर्व मंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर वर्ष 2026 के अंत तक पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी।
सभी कॉलेजों का होगा एक समान स्वरूप
बैठक में डॉ. नीलकंठ तिवारी ने सभी विद्यालयों के रंग-रोगन को एक समान स्वरूप में कराए जाने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि इससे विद्यालयों की अलग पहचान बनेगी और शिक्षा संस्थानों का समग्र वातावरण भी बेहतर होगा।
आदर्श इंटर कॉलेज को भी मिलेगा विस्तार
बैठक के दौरान आदर्श इंटर कॉलेज के प्रबंधक एवं प्राचार्य द्वारा नए कक्षों के निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर डॉ. तिवारी ने आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न इंटर कॉलेजों के प्रबंधक एवं प्राचार्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यालयों में प्रस्तावित विकास कार्यों की रूपरेखा एवं प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
Comments (0)