Khabarilaal News Desk :

चोलापुर थाना क्षेत्र के ढेरही स्थित टोल प्लाजा पर कार्यरत एक कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी ने कुछ अज्ञात लोगों पर खुद को पुराना कर्मचारी बताते हुए गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों में भय व्याप्त हो गया।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार भन्दहां कला, थाना चौबेपुर निवासी सौरभ यादव पुत्र विजई यादव ने चोलापुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह बीते 12 मई से ढेरही स्थित टोल प्लाजा पर कार्यरत है। पीड़ित के अनुसार सोमवार की रात करीब छह से सात की संख्या में कुछ अज्ञात युवक टोल प्लाजा पहुंचे और खुद को वहां का पुराना कर्मचारी बताते हुए अभद्र व्यवहार करने लगे।

जान से मारने की धमकी और मारपीट

पीड़ित का आरोप है कि युवकों ने धमकी देते हुए कहा, “तुम लोग नए आए हो, यहां से भाग जाओ, नहीं तो जान से मार देंगे।” जब सौरभ यादव ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

टोल प्लाजा पर मचा हड़कंप

घटना के बाद टोल प्लाजा पर मौजूद अन्य कर्मचारियों में दहशत फैल गई। कुछ समय के लिए कामकाज भी प्रभावित हुआ और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले में प्रभारी निरीक्षक थाना चोलापुर सधुबन राम गौतम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

पहले से चल रहा है विवाद

गौरतलब है कि ढेरही टोल प्लाजा पर मई माह में हुए नए टेंडर के बाद आसपास के ग्रामीणों से टोल वसूली और टोलकर्मियों द्वारा पास बनाए जाने के दबाव को लेकर क्षेत्र में पहले से तनाव और मतभेद बना हुआ है। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला अस्थायी रूप से शांत हुआ था, लेकिन इस नई घटना के बाद एक बार फिर विवाद गहरा गया है।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

3 + 3 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!