वाराणसी।जनपद में स्कूली वाहनों की सुरक्षा एवं मानकों के अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु दिनांक 01 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत सभी विद्यालयों को UPISVMP पोर्टल (upisvmp.com) – स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर ऑनबोर्ड करते हुए उनके समस्त स्कूली वाहनों का विवरण पोर्टल पर अपलोड कराया जाना है। यह कार्य शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण किया जाना अनिवार्य है।
UDISE कोड के माध्यम से पोर्टल पर करें लॉगिन
सभी विद्यालय अपने UDISE कोड के माध्यम से पोर्टल पर लॉगिन करेंगे। लॉगिन के पश्चात विद्यालय द्वारा अपने सभी वाहनों का विवरण जैसे—स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड किट, जीपीएस ट्रैकर, अग्निशामक यंत्र आदि की जानकारी अपलोड की जाएगी। साथ ही, संबंधित चालकों का विवरण जैसे—ड्राइविंग लाइसेंस, पुलिस सत्यापन आदि भी पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
स्कूली वाहनों से संबंधित सभी मानकों एवं चेकलिस्ट का किया जाएगा सत्यापन
विद्यालयों द्वारा पोर्टल पर अपलोड की गई जानकारी की सत्यता के संबंध में एक शपथ पत्र (Affidavit) भी अपलोड किया जाना अनिवार्य होगा।उक्त पोर्टल के माध्यम से वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र की समाप्ति तिथि निकट आने पर स्वतः अलर्ट भी प्राप्त होगा, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।परिवहन विभाग के निरीक्षकों द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा, जिसमें स्कूली वाहनों से संबंधित सभी मानकों एवं चेकलिस्ट का सत्यापन किया जाएगा।
पोर्टल के माध्यम से फिटनेस एवं परमिट की की जाएगी निगरानी
पोर्टल पर जिलाधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), उप परिवहन आयुक्त, संभागीय परिवहन अधिकारी (R.T.O.) एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (A.R.T.O.) के लिए भी लॉगिन की सुविधा उपलब्ध है, जिसके माध्यम से संबंधित अधिकारी डैशबोर्ड पर स्कूली वाहनों की फिटनेस एवं परमिट की स्थिति की निगरानी कर सकेंगे।
विद्यालय प्रशासन को अपने सभी वाहनों का विवरण करना होगा अपलोड
मनोज प्रसाद वर्मा, ए.आर.टी.ओ. (प्रशासन) तथा श्री सुधांशु रंजन, ए.आर.टी.ओ. (प्रवर्तन), वाराणसी द्वारा जनपद के समस्त विद्यालयों से अपील की गई है कि वे समयबद्ध रूप से पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए अपने सभी स्कूली वाहनों का विवरण अपलोड करें, जिससे स्कूली वाहनों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सुदृढ़ बनाया जा सके।
भविष्य में प्रत्येक स्कूली वाहन के लिए जारी होगा QR कोड
भविष्य में प्रत्येक स्कूली वाहन के लिए QR कोड भी जारी किया जाएगा, जिसे स्कैन करने पर वाहन की स्थिति एवं चालक का विवरण प्रदर्शित होगा। इससे अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को अपने वाहन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने में अत्यंत सुविधा होगी।
Comments (0)