वाराणसी। जिला समाज कल्याण विभाग, वाराणसी द्वारा संचालित विभिन्न संस्थाओं में मंगलवार को भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पूरे उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर सभी स्थानों पर बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
विचार गोष्ठी, छात्र प्रतियोगिताएं और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से कार्यक्रम बना प्रेरणादायक
कार्यक्रम के तहत आयोजित विचार गोष्ठियों में डॉ. अंबेडकर के समानता, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति समर्पण तथा भारतीय संविधान निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों और युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता एवं विचार-विमर्श जैसे विविध कार्यक्रम
संस्थाओं में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता एवं विचार-विमर्श जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।संत रविदास आईएएस/पीसीएस कोचिंग सेंटर, बड़ा लालपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि उप निदेशक समाज कल्याण वाराणसी मंडल मंजूश्री ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इन लोगो की रही सहभागिता
इसी क्रम में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय सातों महुआ में अजगरा विधायक के प्रतिनिधि सुमंत कुमार एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद दुबे, चंदापुर में हरहुआ ब्लॉक प्रमुख विनोद कुमार उपाध्याय, तरसड़ा में जिला पंचायत सदस्य राकेश कुमार पटेल एवं बहादुर पटेल सहित ग्राम प्रधान की उपस्थिति रही।इसके अतिरिक्त राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास आशापुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह, काशी विद्यापीठ छात्रावास में पूर्व महानगर अध्यक्ष जितेंद्र सोनकर, वृद्धाश्रम सारनाथ में पार्षद तथा वृद्धाश्रम रामनगर में भाजपा के निवर्तमान मंडल अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।इन सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अधिकारीगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई।
Comments (0)