Khabarilaal News Desk :

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब राष्ट्रपति आवास वॉइट हाउस के बाहर गोलीबारी की घटना सामने आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वॉइट हाउस के अंदर मौजूद थे।

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को तुरंत घेर लिया और कुछ समय के लिए लॉकडाउन लागू कर दिया गया।

सीक्रेट सर्विस के साथ मुठभेड़ में 2 लोगों को लगी गोली

रिपोर्टों के अनुसार, गोलीबारी की घटना 17वीं स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट और पेंसिलवेनिया एवेन्यू NW के पास हुई, जो वॉइट हाउस के बेहद करीब है।

बताया गया कि हथियारबंद व्यक्ति की सूचना मिलने के बाद सीक्रेट सर्विस की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में दो लोगों को गोली लगने की खबर है। हालांकि, घायलों की पहचान और हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

फायरिंग के दौरान वॉइट हाउस में थे ट्रंप

घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वॉइट हाउस के भीतर मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके में कई गोलियां चलने की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पत्रकारों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया

घटना के दौरान वॉइट हाउस परिसर में मौजूद पत्रकारों को तुरंत प्रेस ब्रीफिंग रूम में ले जाया गया। रिपोर्टरों को निर्देश दिया गया कि वे अपनी जगह पर सुरक्षित रहें।

फायरिंग के बाद राइफल लिए सीक्रेट सर्विस एजेंट पूरे इलाके में गश्त करते दिखाई दिए। बाद में स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6:45 बजे लॉकडाउन हटाया गया।

FBI भी जांच में शामिल

FBI Director Kash Patel ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि एजेंसी मौके पर मौजूद है और जांच में सीक्रेट सर्विस की मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जानकारी स्पष्ट होगी, जनता को अपडेट दिया जाएगा।

 

 
 
Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

3 + 3 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!