Khabarilaal News Desk : 

पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के मंगारी रामलीला मैदान में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए। देर रात तक पुलिस, परिजन और ग्रामीण उसे समझाने में जुटे रहे।

बच्चों को बाय-बाय कर टावर पर चढ़ गई युवती

जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर गांव निवासी 23 वर्षीय सुमन, पुत्री धर्मेंद्र राजभर, शनिवार शाम करीब छह बजे रामलीला मैदान स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मैदान में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। युवती बच्चों को हाथ हिलाकर बाय-बाय करती हुई टावर की ओर बढ़ी और देखते ही देखते ऊपर चढ़ गई।

बच्चों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी और लगातार टावर पर चढ़ती चली गई।

बंद गेट और ऊंची दीवार भी नहीं रोक सकी

ग्रामीणों के अनुसार मोबाइल टावर करीब आठ फीट ऊंची बाउंड्रीवाल के अंदर स्थित है और उसका गेट भी बंद था। इसके बावजूद युवती ईंट के सहारे दीवार पर चढ़कर अंदर पहुंच गई। उसका चप्पल बाउंड्रीवाल के ऊपर रखा मिला, जिससे लोगों को उसके अंदर जाने की जानकारी हुई।

प्रेम प्रसंग की चर्चा

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक युवती गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध होने की बात कह रही थी। चर्चा है कि वह उसी युवक से शादी की मांग को लेकर टावर पर चढ़ी थी। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस और परिजन करते रहे मनाने की कोशिश

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण रामलीला मैदान में पहुंच गए। पुलिस ने युवती के परिजनों को भी मौके पर बुलाया। पुलिस, परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग लगातार उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास करते रहे।

रात करीब आठ बजे तक युवती टावर पर ही मौजूद थी, जबकि उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कवायद जारी रही।

पुलिस बोली- युवती को सुरक्षित उतारना प्राथमिकता

फूलपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस टीम मौके पर तैनात है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

BUREAU : CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

6 + 5 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!