Khabarilaal News Desk :

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र की ओर से रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की।

यूपी को मिली नई पहचान : दिलीप पटेल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिलीप पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा, कानून व्यवस्था, निवेश, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि जो प्रदेश कभी अपराध और माफिया गतिविधियों के लिए जाना जाता था, वह आज विकास, सुशासन और जनकल्याण के मॉडल के रूप में स्थापित हो चुका है।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार की सख्त नीतियों और प्रभावी प्रशासनिक निर्णयों के कारण प्रदेश में गुंडाराज और माफियाराज का खात्मा हुआ है। आज महिलाएं देर रात भी स्वयं को सुरक्षित महसूस करती हैं और उत्तर प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर सकारात्मक रूप में बनी है।

बाबा विश्वनाथ से की प्रदेश की प्रगति की कामना

दिलीप पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शतायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए बाबा काशी विश्वनाथ से प्रदेश की निरंतर उन्नति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर किया पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिलीप पटेल ने सारनाथ स्थित सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ हायर तिब्बतन स्टडीज में आयोजित वृहद पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रकृति जीवन, समृद्धि और संतुलन का आधार है। पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन और सतत विकास के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे भाजपा पदाधिकारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में राजेश राजभर, नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकार, शैलेन्द्र मिश्र, अनिल श्रीवास्तव, संजय सोनकर, सुरेश सिंह, प्रवीण सिंह गौतम, सुरेंद्र पटेल तथा श्रीप्रकाश शुक्ला सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

 
Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

3 + 5 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!