परीक्षा की तैयारी को लेकर अहम बैठक
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड्स एनरोलमेंट परीक्षा-2025 को लेकर सत्येंद्र कुमार और एसीपी शिवहरी मीणा की अध्यक्षता में अधिकारियों की ब्रीफिंग की गई। बैठक में जोनल, सेक्टर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
45 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 20 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल
जिले के 45 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक होगी। परीक्षा में कुल 20,112 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा के निर्देश
जिलाधिकारी ने परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को कक्ष निरीक्षकों की ब्रीफिंग कराने और परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
सख्त सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंध लागू
परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर रोक रहेगी। 200 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानें परीक्षा अवधि तक बंद रहेंगी। अभ्यर्थियों की सघन जांच होगी और परीक्षा कक्ष में मोबाइल, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर जैसे उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सीसीटीवी निगरानी और गाइडलाइन का पालन अनिवार्य
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी और डीवीआर के माध्यम से निगरानी की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे केंद्रों का निरीक्षण कर सीटिंग प्लान, यातायात व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें तथा भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करें।
Comments (0)