खबरीलाल न्यूज़ डेस्क
वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस)-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत विभिन्न आवासीय योजनाओं में विशेष कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस योजना का उद्देश्य उन आवंटियों और बकायेदारों को राहत देना है, जो समय पर किश्तों का भुगतान न कर पाने के कारण डिफॉल्टर की श्रेणी में आ गए हैं।
कैंप लगाकर आवंटियों को योजना की पूरी दी जाएगी जानकारी
उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के निर्देश और सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि जिन योजनाओं में बकाया अधिक है, वहां मौके पर कैंप लगाकर आवंटियों को योजना की पूरी जानकारी दी जाएगी और आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
प्राधिकरण ने विभिन्न आवासीय योजनाओं में कैंप की घोषित की तिथियां
इसी क्रम में प्राधिकरण ने विभिन्न आवासीय योजनाओं में कैंप की तिथियां घोषित की हैं। लालपुर आवासीय योजना (प्रथम व द्वितीय चरण) में 25 अप्रैल 2026, पाण्डेयपुर आवासीय योजना में 28 अप्रैल, प्रधानमंत्री आवासीय योजना दासेपुर हरहुआ में 2 मई, संजय गांधी नगर में 5 मई, गंगा नगर में 8 मई, बड़ी गैबी में 11 मई और रामनगर आवासीय योजना में 14 मई को कैंप आयोजित किए जाएंगे।
आवंटियों को ओटीएस योजना के लाभ, भुगतान विकल्प और निस्तारण प्रक्रिया की दी जाएगी, जानकारी
इन कैंपों में संबंधित योजना से जुड़े बकायेदारों के लिए पटल सहायक, रेंट कलेक्टर और अन्य कार्मिक सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। यहां आवंटियों को ओटीएस योजना के लाभ, भुगतान विकल्प और निस्तारण प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी, साथ ही उनके आवेदन भी मौके पर ही स्वीकार किए जाएंगे।प्राधिकरण ने सभी आवंटियों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाते हुए अपने बकाये का निस्तारण कराएं और भविष्य की कानूनी कार्रवाई से बचें।
Comments (0)