वाराणसी।चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाई को चौकी अंतर्गत नेहिया में उस समय भारी तनाव फैल गया, जब डॉ. भीमराव अंबेडकर और रामनवमी के झंडे लगाने को लेकर दो गुट आमने-सामने हो गए। मामला इतना बढ़ गया कि आक्रोशित ग्रामीणों और संगठनों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा।
बाबा बटुक भैरवनाथ धाम के मुख्य द्वार पर झंडा लगाने को लेकर बढ़ा तनाव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत नेहिया स्थित बाबा बटुक भैरवनाथ धाम के मुख्य द्वार पर झंडा लगाने से हुई। बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में गेट पर एक पक्ष द्वारा झंडा और पोस्टर लगाया गया था। जिसके बाद दूसरे पक्ष द्वारा वहां धार्मिक झंडा लगाने और पूर्व में लगे झंडे को कथित तौर पर हटाए जाने के बाद विवाद भड़क उठा।
झंडा जलाए जाने का आरोप लगाते हुए भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सड़क किया जाम
झंडा जलाए जाने और अपमानित करने का आरोप लगाते हुए भीम आर्मी के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर बांस-बल्ली लगाकर रास्ता जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। देखते ही देखते दूसरे पक्ष के लोग भी वहां जमा हो गए, जिससे सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
तनाव के बाद भारी संख्या में फोर्स को किया गया तैनात
बाबा बटुक भैरवनाथ धाम के मुख्य द्वार पर झंडा लगाने घटना की सूचना मिलते ही एसीपी सारनाथ और एडीसीपी वरुणा सहित चोलापुर पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोश थमता नहीं देख प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विवादित स्थल से झंडे हटवा दिए हैं।
दोनों पक्ष की तरफ से दर्ज कराया गया मुकदमा पुलिस सत्यता की तलाश में जुटी
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। झंडा जलाने और शांति भंग करने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है। क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने के लिए पीएसी और स्थानीय पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने ग्रामीणों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात रखी गई है।
Comments (0)