खबरीलाल न्यूज़ डेस्क 

वाराणसी | प्रिया सरोज की अध्यक्षता में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित हवाई अड्डा सलाहकार समिति की बैठक में एयरपोर्ट को मेट्रो सेवा से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव सामने आया। बैठक में यात्रियों की सुविधा और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए इस योजना पर विशेष जोर दिया गया।

नए टर्मिनल के शुरू होने के बाद यात्री संख्या में होगा विस्तार

सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि वाराणसी और आसपास के जिलों से आने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में एयरपोर्ट तक पहुंचने का एक ही प्रमुख मार्ग है, जहां अक्सर गिलट बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने बताया कि रोजाना करीब 80 उड़ानों के जरिए 12 से 14 हजार यात्री आवागमन करते हैं और नए टर्मिनल के शुरू होने के बाद यह संख्या और बढ़ेगी | 

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के साथ तत्काल शुरू किया जाए पत्राचार

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाओं को लेकर शासन और उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के साथ तत्काल पत्राचार शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके और सड़क यातायात का दबाव कम हो।

बैठक में एयरपोर्ट सुरक्षा और विस्तार पर भी हुई चर्चा 

बैठक में एयरपोर्ट सुरक्षा और विस्तार पर भी चर्चा हुई। बाउंड्री के आसपास कूड़े के ढेर से पक्षियों के आने और बर्ड हिटिंग के खतरे को लेकर चिंता जताई गई। साथ ही पार्किंग क्षेत्र में टैक्सी चालकों के कब्जे के कारण आम यात्रियों को होने वाली परेशानी पर भी मुद्दा उठाया गया और टैक्सी के लिए अलग लेन बनाने का सुझाव दिया गया।इसके अलावा “उड़ान यात्री कैफे” को टर्मिनल के अंदर स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा गया, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इन लोगो की रही उपस्थित

बैठक में एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता, एडीएम प्रोटोकॉल विनय सिंह, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, सीआईएसएफ कमांडेंट सुचिता सिंह सहित कई अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

1 + 9 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!