वाराणसी | कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन में पुलिस उपायुक्त नीतू कादयान द्वारा व्यापारी बंधुओं के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न व्यापारी संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
व्यापारियों ने अपनी स्थानीय समस्याएं और सुझाव खुलकर किए साझा
गोष्ठी के दौरान व्यापारियों ने अपनी स्थानीय समस्याएं और सुझाव खुलकर साझा किए। पुलिस उपायुक्त ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
प्रमुख रूप से उठाई गईस्ट्रीट लाइट खराब होने की समस्या
बैठक में स्ट्रीट लाइट खराब होने की समस्या प्रमुख रूप से उठाई गई। व्यापारियों ने बताया कि अंधेरे के कारण चोरी की घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इस पर पुलिस उपायुक्त ने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर अलग से बैठक आयोजित कर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
एक व्यापारी द्वारा सीसीटीवी कैमरा खराब होने की शिकायत पर उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी चर्चा हुई, जिस पर उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
अनिवार्य रूप से लगवाएं प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे
पुलिस उपायुक्त ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी सभी समस्याएं पुलिस के साथ साझा करें और अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएं। उन्होंने कहा कि कैमरों का रुख सार्वजनिक मार्ग की ओर होना चाहिए, जिससे निगरानी व्यवस्था मजबूत हो सके।
पुलिस उपायुक्त नीतू कादयान को स्मृति चिन्ह और पारंपरिक साफा पहनाकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में व्यापारियों ने पुलिस उपायुक्त नीतू कादयान को स्मृति चिन्ह और पारंपरिक साफा पहनाकर सम्मानित किया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के सहयोग और तत्परता की सराहना करते हुए भविष्य में बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई।
Comments (0)