खबरीलाल न्यूज़ डेस्क
वाराणसी | कपसेठी थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव के पास स्थित आम के बगीचे में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 60 वर्षीय चूड़ी व्यवसायी ने पेड़ की डाली से नायलॉन की रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
अर्जुनपुर निवासी राजेंद्र दुबे के रूप में की ग्रामीणों ने शव की पहचान
सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने शव की पहचान अर्जुनपुर निवासी राजेंद्र दुबे के रूप में की और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीएलडब्ल्यू क्षेत्र में रहकर परिवार के साथ चूड़ी बेचने का करते थे कार्य
बताया जा रहा है कि मृतक पिछले करीब 30 वर्षों से वाराणसी के बीएलडब्ल्यू क्षेत्र में रहकर परिवार के साथ चूड़ी बेचने का कार्य करते थे। लगभग 10 दिन पहले वे गांव आए थे और तब से यहीं रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी वाराणसी से मौके पर पहुंच गए, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक के पास से आधार कार्ड, दो मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल चार्जर और करीब 2000 रुपये नगद बरामद हुए हैं।
पत्नी निर्मला देवी का वर्ष 2024 में हो चुका हैं निधन
ग्रामीणों के अनुसार, गांव आने के बाद से मृतक काफी गुमसुम रहते थे और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करते थे। उनकी पत्नी निर्मला देवी का वर्ष 2024 में निधन हो चुका था, जिसके बाद से वे मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का हो रहा प्रतीत-थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष विकास मौर्या ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Comments (0)