Khabarilaal News Desk :
वाराणसी जनपद में संचालित “मलेरिया माह जून” अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में विकासखंड सेवापुरी के ग्राम पंचायत देईपुर बड़ोरा स्थित पंचायत भवन में विशेष फीवर कैंप आयोजित किया गया।
24 लोगों की हुई मलेरिया जांच
कैंप के दौरान बुखार से प्रभावित एवं संदिग्ध व्यक्तियों की रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट (RDT) किट के माध्यम से जांच की गई। कुल 24 लोगों की जांच हुई, जिनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में मलेरिया की स्थिति का आकलन करते हुए निगरानी गतिविधियां भी संचालित कीं।
ग्रामीणों को बताए गए बचाव के उपाय
स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि मलेरिया संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। इससे बचाव के लिए घर और आसपास जलभराव न होने देना, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनना, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करना तथा बुखार आने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराना आवश्यक है।
मलेरिया नियंत्रण के लिए विभाग पूरी तरह सक्रिय
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि जनपद में मलेरिया नियंत्रण एवं उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। मलेरिया माह जून के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष फीवर कैंप, सर्विलांस और जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।
समुदाय की भागीदारी बेहद जरूरी
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शरद चन्द पाण्डेय ने बताया कि मलेरिया उन्मूलन में समुदाय की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विभाग द्वारा नियमित रूप से फीवर सर्वे, लार्वा स्रोतों की पहचान, नियंत्रण अभियान और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
मलेरिया मुक्त सेवापुरी का संकल्प
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान संवेदनशील ग्रामों में फीवर सर्वे, जांच और जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य संभावित रोगियों की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना और मलेरिया मुक्त सेवापुरी के लक्ष्य को हासिल करना है।
अभियान में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में शिवम मिश्रा (मलेरिया निरीक्षक), संतोष कुमार (एसएलए), ज्ञानेन्द्र कुमार (स्वास्थ्य प्रवेक्षक), प्रदीप कुमार सरोज (स्वास्थ्य पर्यवेक्षक), चिंता उपाध्याय (आशा संगिनी) एवं संबंधित क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
Comments (0)