Khabarilaal News Desk :

चोलापुर, वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई स्कार्पियो के मामले में आखिरकार छह माह बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पीड़ित वाहन स्वामी द्वारा लगातार पुलिस से गुहार लगाने और अंततः पुलिस कमिश्नर से शिकायत करने के बाद चोलापुर पुलिस हरकत में आई और अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

17 दिसंबर की रात घर के बाहर से चोरी हुई थी स्कार्पियो

लखरांव नवापुरा निवासी शशिकांत वर्मा ने पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी स्कार्पियो वाहन 17 दिसंबर 2025 की रात घर के बाहर खड़ी थी। 18 दिसंबर की भोर करीब तीन बजे जब उनकी नींद खुली तो वाहन गायब मिला।

काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज में दिखे थे संदिग्ध

पीड़ित के अनुसार सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की थी। फुटेज में कुछ अज्ञात व्यक्ति वाहन ले जाते हुए दिखाई दिए थे।

इसके बाद 18 दिसंबर को ही चंदापुर चौकी और चोलापुर थाने में लिखित तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने केवल कार्रवाई का आश्वासन दिया और मुकदमा दर्ज नहीं किया।

छह महीने तक लगाता रहा थाने के चक्कर

शशिकांत वर्मा का आरोप है कि वह पिछले छह महीनों से लगातार थाने का चक्कर लगाते रहे, लेकिन हर बार उन्हें केवल वाहन की तलाश किए जाने का आश्वासन दिया जाता रहा।

इस दौरान वाहन चोरी की घटना स्थानीय समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हुई, लेकिन न तो वाहन बरामद हुआ और न ही एफआईआर दर्ज की गई।

पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस

लगातार निराशा हाथ लगने के बाद पीड़ित ने सोमवार को पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर पूरे मामले की जांच और मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।

शिकायत के बाद चोलापुर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्र में चर्चा का विषय बना मामला

क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रारंभिक शिकायत पर ही मुकदमा दर्ज कर गंभीरता से जांच की जाती, तो वाहन बरामद होने की संभावना कहीं अधिक रहती।

अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी हुई स्कार्पियो की तलाश में जुटी हुई है।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

10 + 1 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!