Khabarilaal News Desk :
बागपत। टेंट व्यापारी और उसके पुत्र की गोली मारकर हत्या करने वाले कुख्यात बदमाश वरुण लुहारी की भी उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को घेर लिया था, जहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे गोली भी लगी थी।
न्यायालय से लौटते समय की थी वारदात
जानकारी के अनुसार वरुण लुहारी ने मंगलवार को बागपत न्यायालय से तारीख पर लौट रहे टेंट व्यापारी पिता-पुत्र को निशाना बनाते हुए फायरिंग की थी। हमले में दोनों की मौत हो गई थी, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया।
भीड़ ने घेरकर की थी पिटाई
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की। इसी दौरान उसे गोली भी लगी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गैंगस्टर एक्ट में हो चुकी थी संपत्ति कुर्क
पुलिस के अनुसार वरुण लुहारी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज थे। गैंगस्टर एक्ट के तहत उसकी संपत्ति भी कुर्क की जा चुकी थी। पुलिस कार्रवाई के बाद वह उत्तराखंड के Dehradun में रह रहा था।
19 संगीन मुकदमे थे दर्ज
वरुण लुहारी पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, बलवा, मारपीट, रंगदारी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 19 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। वह लंबे समय से पुलिस रिकॉर्ड में सक्रिय अपराधी के रूप में चिन्हित था।
पुलिस कर रही पूरे घटनाक्रम की जांच
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पिता-पुत्र की हत्या और उसके बाद आरोपी पर हुए हमले के संबंध में अलग-अलग पहलुओं की जांच की जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
Comments (0)