Khabarilaal News Desk :
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने तथा देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने के गौरवपूर्ण अवसर पर वाराणसी में विभिन्न जनसेवा और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र "दयालु" ने सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेकर प्रधानमंत्री मोदी के "सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण" के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।
आयुर्वेद महाविद्यालय में मरीजों को वितरित किए फल
राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, चौकाघाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आयुष मंत्री ने मरीजों के बीच फल वितरण किया और उनके स्वास्थ्य एवं उपचार संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध आयुर्वेदिक सुविधाओं की सराहना करते हुए चिकित्सा अवसंरचना को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को जनसुलभ और प्रभावी बनाना सरकार की प्राथमिकता है तथा आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
टीबी मुक्त भारत अभियान में भी हुए शामिल
इसके बाद आयुष मंत्री एसपीजी कबीरचौरा स्थित श्री शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय के क्षय रोग विभाग पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम में भाग लिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश टीबी उन्मूलन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
मोदी सरकार के 12 वर्षों को बताया स्वर्णिम काल
डॉ. दयाशंकर मिश्र "दयालु" ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 12 वर्षीय कार्यकाल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का स्वर्णिम काल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जो मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
मंदिरों में स्वच्छता अभियान और पूजा-अर्चना
दिनभर चले कार्यक्रमों के दौरान आयुष मंत्री ने दारानगर स्थित प्राचीन महामृत्युंजय मंदिर तथा मध्यमेश्वर महादेव मंदिर में स्वच्छता अभियान में भाग लिया। उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
चाय और लस्सी विक्रेताओं से किया संवाद
मंदिर परिसर के आसपास चाय और लस्सी विक्रेताओं के बीच पहुंचकर उन्होंने आत्मीय संवाद किया तथा फल वितरित कर सेवा और सद्भाव का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का किया स्वागत
इसी क्रम में वाराणसी आगमन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान संगठनात्मक विषयों एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
आयुष मंत्री ने कहा कि संगठन और सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को और अधिक गति मिलेगी।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नीरज जायसवाल, मधुकर चित्रांश, गौरव राठी, डॉ. सुधीर त्रिपाठी, जितेंद्र कुशवाहा, संतोष सैनी, अशोक यादव, चंद्रशेखर उपाध्याय, संजय विश्वंभरी, जय विश्वकर्मा, अरुण पांडेय, रविशंकर मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं चिकित्सा संस्थानों की ओर से डॉ. डी.के. मौर्य, डॉ. मनीष मिश्र, डॉ. धनंजय कुमार, डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, डॉ. अंजना सक्सेना, डॉ. अरुण दत्त राजौरिया तथा डॉ. बृजेश कुमार ने कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया।
Comments (0)