Khabarilaal News Desk :

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने बुधवार को काशी प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 4399 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने को भारतीय लोकतंत्र का ऐतिहासिक अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष देश के विकास, सुशासन, सेवा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के स्वर्णिम अध्याय हैं।

काशी अनाथालय में बच्चों के बीच पहुंचे पंकज चौधरी

अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत पंकज चौधरी लहुराबीर स्थित काशी अनाथालय पहुंचे, जहां उन्होंने अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच फल और वस्त्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4399 दिनों का कार्यकाल पूरा कर स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का गौरव हासिल किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के "सबका साथ, सबका विकास" की भावना के साथ कार्य किया है।

सेवा ही संगठन का मूल मंत्र

पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा के लिए सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है। पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और प्रधानमंत्री मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में गिने जाते हैं।

बाबा विश्वनाथ का किया दर्शन-पूजन

इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक किया। उन्होंने मंदिर में आयोजित भव्य महाआरती में सहभागिता की और ललिता घाट पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

स्वच्छ भारत और सेवा का संदेश

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसी उद्देश्य से काशी में स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता

कार्यक्रम में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, मेयर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, पूर्व एमएलसी डॉ. वीणा पाण्डेय, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

10 + 7 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!