वाराणसी। महामहिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के निर्देशानुसार उनके विशेष कार्याधिकारी डॉ. पंकज एल. जानी के द्वारा राज्य के विश्वविद्यालयों एवं संस्थाओं के कुलपतिगण तथा निदेशकगण के साथ ऑनलाइन बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
बैठक में विश्वविद्यालयों के हॉस्टल व्यवस्थापन संबंधी विषय, विविध विश्वविद्यालयों/संस्थाओं की मुलाकात के संदर्भ में विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या, अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ में किए गए समझौता ज्ञापन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस संबंधी पाठ्यक्रमों के निर्माण/ नवाचार इत्यादि विषय पर चर्चा हुई।
इस दौरान डॉ. पंकज एल. जानी ने कहा कि अगले सत्र (2026-27) से छात्रावासों में स्थानीय व्यवस्था के अनुसार कोऑपरेटिव या अन्य माध्यम से मेस संचालन शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह जून-जुलाई तक कराएंगे तो महामहिम राज्यपाल दीक्षांत समारोह में उपस्थित रहेंगी अन्यथा वह ऑनलाइन ही जुड़ेंगी। साथ ही उन्होंने समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू करने को कहा। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी व विश्वविद्यालय के अन्य सम्बंधित अधिकारी ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए।
बैठक में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने बताया कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के मंशा के अनुरूप विश्वविद्यालय में एआई के प्रयोग पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत स्नातक स्तर पर अगले सत्र से 'इंट्रोडक्शन टू एआई' पाठ्यक्रम शुरू किया जायेगा। वही उन्होंने कहा कि परीक्षा के प्रश्न-पत्रों के निर्माण में एआई का प्रयोग किया जा रहा है। साथ ही उन प्रश्न-पत्रों के गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता को भी परखा जा रहा है।तथा आधिकारिक पत्र में एआई के माध्यम से प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के सभी स्मार्ट क्लास को एआई से जोड़ा जायेगा। साथ अन्य एआई से संबंधित प्रयोग एवं अन्य सुविधाओं पर काशी विद्यापीठ का जोर है। कुलपति ने कहा कि पिछले दिनों महामहिम राज्यपाल के साथ हुई 'आत्ममंथन' बैठक के दिशा-निर्देशों के कार्यान्वयन एवं एआई के प्रयोग में काशी विद्यापीठ पूरी निष्ठा के साथ लगा हुआ है और इसे सफल बनाने में विश्वविद्यालय अग्रणी भूमिका में है।
कुलपति प्रो. त्यागी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ में किए गए समझौता के तहत समाज कार्य के शिक्षागण वियतनाम के विश्वविद्यालयों का भ्रमण करेंगे। वहीं, अंग्रेजी एवं अन्य विदेशी भाषा विभाग में पिछले माह रशिया की शिक्षक ने 15 दिवसीय कार्यशाला किया था, जिसमें उन्होंने काशी विद्यापीठ के छात्रों को रशिया की संस्कृति एवं भाषा पर विस्तार से जानकारी दी गई थी। साथ ही शिक्षकों के लिए 'कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम' आयोजित किया गया।
ऑनलाइन बैठक में काशी विद्यापीठ से कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, डीन अकादमी प्रो. बंशीधर पाण्डेय, कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह एवं मुख्य गृहपति डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह उपस्थित रहे।
