Khabarilaal news desk
वाराणसी ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन को लेकर पूरा शहर उत्साह और भव्य तैयारियों में डूबा हुआ है। काशीवासियों और भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रमुख चौराहों से लेकर यात्रा मार्ग तक झंडे, बैनर और पोस्टरों से सजे नजर आ रहे हैं, वहीं हजारों होर्डिंग्स और कटआउट भी लगाए गए हैं।
यात्रा मार्ग पर आम जनमानस द्वारा पुष्पवर्षा और शंखनाद से किया जाएगा स्वागत
पीएम मोदी के स्वागत के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग पर विशेष तैयारी की गई है। गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा के साथ पांच प्रमुख स्थानों—मंडुआडीह, पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन और चौक—पर ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच उनका अभिनंदन किया जाएगा। यह दृश्य काशी की सांस्कृतिक विरासत और उत्साह का प्रतीक होगा।
बरेका महिला सम्मेलन के लिए भाजपा ने रखा 50 हजार से अधिक महिलाओं की भागीदारी का लक्ष्य
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आयोजित महिला सम्मेलन को लेकर भी व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल को 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां पेयजल, कूलर और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस सम्मेलन में 50 हजार से अधिक महिलाओं के शामिल होने की संभावना है, जो ढोल-नगाड़ों और जुलूस के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगी।
प्रधानमंत्री के द्वारा अपने दो दिवसीय दौरे में कई परियोजनाओं का किया जाएगा लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान 28 अप्रैल को महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे और हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। 29 अप्रैल की सुबह वे काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रथम काशी आगमन के दौरान स्वागत की विशेष तैयारी
भाजपा के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रथम काशी आगमन को लेकर भी कार्यकर्ताओं में खास उत्साह है। वे 28 अप्रैल को पूर्वाह्न लगभग 11 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन कर बरेका महिला सम्मेलन में शामिल होंगे।
एयरपोर्ट से मंदिर तक जगह-जगह प्रधानमंत्री का किया जाएगा जोरदार स्वागत
एयरपोर्ट से मंदिर तक शिवपुर, अतुलानंद, पुलिस लाइन तिराहा, चौकाघाट, लहुराबीर और मैदागिन समेत विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष और पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत करेंगे।
सांस्कृतिक भव्यता और राजनीतिक ऊर्जा का संगम बनने जा रहा काशी में पीएम का आयोजन
यह पूरा आयोजन काशी की सांस्कृतिक भव्यता और राजनीतिक ऊर्जा का संगम बनने जा रहा है, जिसमें जनभागीदारी और उत्साह अपने चरम पर देखने को मिलेगा।

Comments (0)