Khabarilaal news desk
वाराणसी।प्रधानमंत्री के महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज हो गई है, कार्यक्रम में लगभग 50 हजार से अधिक महिलाओं के जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसको ध्यान में रखते हुए बीजेपी महिला मोर्चा द्वारा एक एक महिलाओं से मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की जा रही है।
कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर बैठक का आयोजन
वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय, गुलाब बाग में 28 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री के महिला सम्मेलन की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की, जिसमें पार्षदों और पूर्व पार्षदों की सहभागिता रही।
प्रधानमंत्री इस बार बरेका मैदान में महिलाओं को करेंगे संबोधित,महानगर अध्यक्ष
बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि काशी के यशस्वी सांसद प्रधानमंत्री इस बार बरेका मैदान में महिलाओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर विपक्ष की राजनीति और महिलाओं के अपमान से महिलाओं में आक्रोश है, जिसका जवाब 28 अप्रैल को काशी की धरती से दिया जाएगा। उन्होंने लक्ष्य रखा कि 50,000 से अधिक महिलाएं कार्यक्रम में पहुंचें और इसे ऐतिहासिक बनाएं।
सभा स्थल पर महिलाओं की भागीदारी पर जोर
उन्होंने सभी पार्षदों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने वार्ड से कम से कम 100 महिलाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करें। संगठन की ओर से महिलाओं के लिए टोटो और बस की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरना जिम्मेदारी -महापौर अशोक तिवारी
महापौर अशोक तिवारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्षदों की पहचान संगठन से है और संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक वार्ड से अपेक्षा से अधिक महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगी।
प्रधानमंत्री इस अवसर पर नगर निगम के नए भवन का करेंगे शिलान्यास
महापौर ने बताया कि प्रधानमंत्री इस अवसर पर नगर निगम के नए भवन का शिलान्यास भी करेंगे, जिससे इस कार्यक्रम का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने सभी से अपील की कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में सहयोग दें।
बारी-बारी से सभी वक्ताओं ने रखी अपनी बात
बैठक को वाराणसी लोकसभा प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अश्वनी त्यागी ने भी संबोधित किया। उन्होंने भी कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
संचालन और धन्यवाद ज्ञापन:
कार्यक्रम का संचालन विनोद गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नवीन कपूर ने किया।
महत्वपूर्ण बैठक के दौरान उपस्थित प्रमुख लोग
इस बैठक में नगर निगम के उपसभापति नरसिंह दास, सुरेश चौरसिया, प्रवीण राय, सीमा वर्मा, राकेश जायसवाल, चंद्रशेखर उपाध्याय, पूर्णमासी गुप्ता, अजय गुप्ता, गोपाल जायसवाल, कुसुम सिंह पटेल, राजेंद्र शंकर सिंह पटेल, अजय सिंह, रविंद्र सिंह, विनीत सिंह, हीरा यादव, महेंद्र सिंह गौतमसहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Comments (0)