khabarilaal news desk
वाराणसी।VDA द्वारा प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित एकमुश्त समाधान योजना (OTS)-2026 को लेकर आमजन में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य प्राधिकरण की विभिन्न आवासीय, व्यावसायिक एवं संस्थागत योजनाओं के उन आवंटियों एवं बकायेदारों को राहत प्रदान करना है, जो समय पर देय किश्तों का भुगतान न कर पाने के कारण डिफॉल्टर की श्रेणी में आ गए हैं।
साधारण ब्याज के आधार पर बकाया राशि जमा करने का दिया जा रहा विशेष अवसर
OTS-2026 योजना के अंतर्गत बकायेदारों को दंडात्मक ब्याज एवं चक्रवृद्धि ब्याज से राहत प्रदान करते हुए साधारण ब्याज के आधार पर बकाया राशि जमा करने का विशेष अवसर दिया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से अब तक लगभग 60 से अधिक आवंटी लाभान्वित हो चुके हैं तथा यह संख्या निरंतर बढ़ रही है। योजना के प्रति लोगों में विशेष रुचि देखी जा रही है, जिससे स्पष्ट है कि बकायेदार इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का निस्तारण करना चाहते हैं।
विशेष कैंप आयोजित कर योजना की दी जा रही जानकारी
उपाध्यक्ष महोदय श्री पुर्ण बोरा के निर्देशानुसार जिन योजनाओं में अधिक संख्या में बकायेदार हैं, वहां विशेष कैंप आयोजित कर योजना की जानकारी दी जा रही है तथा मौके पर आवेदन पत्र स्वीकार किए जा रहे हैं।
विभिन्न प्रमुख योजनाओं में विशेष कैंपों का किया जा रहा आयोजन
इसी क्रम में वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा विभिन्न प्रमुख योजनाओं में विशेष कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवासीय योजना दासेपुर हरहुआ में 2 मई 2026, संजय गांधी नगर आवासीय योजना में 5 मई 2026, गंगा नगर आवासीय योजना में 8 मई 2026, बड़ी गैबी आवासीय योजना में 11 मई 2026 तथा रामनगर आवासीय योजना में 14 मई 2026 को कैंप की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
बकाया विवरण तथा आवेदन प्रक्रिया में प्रदान करेंगे सहायता
इन कैंपों में संबंधित योजना के पटल सहायक, रेंट कलेक्टर एवं आउटसोर्सिंग कार्मिक प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे और बकायेदारों को योजना की विस्तृत जानकारी, बकाया विवरण तथा आवेदन प्रक्रिया में सहायता प्रदान करेंगे।
अपने बकाए का भुगतान कर प्राप्त करें आर्थिक लाभ
वाराणसी विकास प्राधिकरण ने सभी संबंधित आवंटियों एवं बकायेदारों से अपील की है कि वे ओटीएस-2026 योजना का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने बकाया का निस्तारण कर आर्थिक राहत प्राप्त करें। यह योजना बकायेदारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिससे वे दंडात्मक भार से मुक्त होकर अपनी संपत्तियों को नियमित कर सकते हैं।

Comments (0)