Khabarilaal news desk
वाराणसी।जंसा थाना क्षेत्र के खेवली पांडेयपुर गांव के समीप रविवार सुबह वरुणा नदी में एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और हर किसी ने शव को पहचानने का प्रयास किया लेकिन मौके पर सभी लोगों ने पहचान से दिनकर कर दिया।
वरुणा में स्नान करने गए बच्चों की नजर पड़ी,फैली दहशत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे गांव के कुछ बच्चे नदी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में उतराए एक शव पर पड़ी। शव देखते ही घबराए बच्चे शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे और परिजनों व ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस,ने शव को निकलवाया बाहर
ग्रामीणों की सूचना पर जंसा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
शव का शिनाख्त हो पुलिस लगातार कर रही लोगों से पूछताछ
पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अब अन्य माध्यमों से पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
65 वर्ष के आसपास उम्र, पहनावा मिला कुछ इस तरह
प्राथमिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 65 वर्ष आंकी जा रही है। उसके शरीर पर काले रंग की शर्ट और भूरे रंग का अंडरवियर मिला है।
पोस्टमार्टम के लिए पुलिस द्वारा भेजा गया शव
स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।

Comments (0)