Khabarilaal News Desk :

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने वाराणसी मंडल के अंतर्गत आने वाले वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर जनपदों के कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में खरीफ सीजन 2026 की तैयारियों, उर्वरक एवं बीज उपलब्धता, किसान योजनाओं तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उर्वरक उपलब्धता और कालाबाजारी पर सख्ती

कृषि मंत्री ने खरीफ सीजन को देखते हुए जनपदवार उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि उर्वरकों की कालाबाजारी और जमाखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा इस पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

बीज वितरण में पारदर्शिता के निर्देश

बैठक में खरीफ फसलों के लिए प्रमाणित बीजों की उपलब्धता एवं वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिया कि सहकारी समितियों के माध्यम से बीज वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए ताकि पात्र किसानों को समय पर लाभ मिल सके।

KCC अभियान में तेजी लाने के आदेश

कृषि मंत्री ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) संतृप्तीकरण अभियान की समीक्षा करते हुए सहकारी बैंकों एवं PACS के माध्यम से लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को 4 प्रतिशत ब्याज दर पर KCC उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

फसल बीमा योजना में अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने पर जोर

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के अंतर्गत खरीफ 2026 के लिए किसानों के पंजीकरण की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिया कि 31 जुलाई 2026 से पहले अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ा जाए।

उन्होंने बैंक, CSC केंद्रों एवं सहकारी समितियों के माध्यम से विशेष शिविर लगाकर किसानों का बीमा कराने तथा क्लेम निस्तारण की प्रक्रिया तेज करने को कहा।

किसानों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश

बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रीकरण, सोलर पंप योजना सहित अन्य किसान हितैषी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

मंत्री ने अधिकारियों को ग्राम स्तर पर कैंप आयोजित कर किसानों को योजनाओं की जानकारी देने तथा अधिकाधिक लाभार्थियों को जोड़ने के निर्देश दिए।

UP AGRIS पोर्टल की समीक्षा

सूर्य प्रताप शाही ने यूपी एग्रीज (UP AGRIS) पोर्टल पर किसान पंजीकरण, योजना आवेदन एवं DBT की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी लंबित विवरणों को शत-प्रतिशत अपडेट करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसानों को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

अधिकारियों को समन्वय से कार्य करने का निर्देश

बैठक के अंत में कृषि मंत्री ने कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए खरीफ सीजन की तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

बैठक में आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, अपर निदेशक कृषि रक्षा आशुतोष मिश्र, अपर निदेशक चावल एल.बी. यादव तथा संयुक्त निदेशक ब्यूरो अखिलेश कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

2 + 7 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!