khabarilaal news desk
वाराणसी। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सांसद कंगना रनौत की कथित आपत्तिजनक एवं भ्रामक तस्वीर प्रसारित किए जाने के मामले में साधना सनातन दल ने सख्त नाराजगी जताते हुए थाना सिगरा में तहरीर देकर दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
साधना सनातन दल ने सिगरा थाने में दी तहरीर
रविवार को साधना सनातन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सौरभ मौर्य के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और सनातन समाज के प्रतिनिधियों ने सिगरा थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक पर संचालित एक समूह में मोहम्मद आकिब अंसारी नामक व्यक्ति द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सांसद कंगना रनौत से संबंधित एक आपत्तिजनक एवं भ्रामक तस्वीर पोस्ट की गई है।
संगठन का आरोप है कि उक्त पोस्ट का उद्देश्य प्रधानमंत्री और जनप्रतिनिधि की छवि को धूमिल करना
संगठन का आरोप है कि उक्त पोस्ट का उद्देश्य प्रधानमंत्री और जनप्रतिनिधि की छवि को धूमिल करना तथा समाज में नकारात्मक और विभाजनकारी मानसिकता को बढ़ावा देना है। तहरीर में मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।
किसी व्यक्ति, जनप्रतिनिधि या संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्तियों की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं
इस अवसर पर साधना सनातन दल के संरक्षक योगी आलोकनाथ शुक्ला ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ किसी व्यक्ति, जनप्रतिनिधि या संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्तियों की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री का सम्मान देश की जनता के सम्मान से जुड़ा हुआ-राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सौरभ मौर्य
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सौरभ मौर्य ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का सम्मान देश की जनता के सम्मान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फर्जी, भ्रामक और अपमानजनक सामग्री के प्रसार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिन पर प्रभावी अंकुश लगाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।
सनातनी कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रहे मौजूद
तहरीर सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी, सनातनी कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
सोशल मीडिया का उपयोग समाज में सकारात्मक संवाद और जागरूकता के लिए होना चाहिए
साधना सनातन दल ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग समाज में सकारात्मक संवाद और जागरूकता के लिए होना चाहिए, न कि किसी व्यक्ति अथवा जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने के लिए। संगठन ने प्रशासन से इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की भी मांग की है।
Comments (0)