khabarilaal news desk
वाराणसी। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तर प्रदेश और वाराणसी पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 123 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।
अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रेम चंद मौर्य पुत्र राजेश मौर्य निवासी कनैजपुर, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसके पास से 123 किलोग्राम गांजा और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
टीसीआई एक्सप्रेस कूरियर सर्विस, गोविंदपुर परमानंदपुर से की गई गिरफ्तारी
गिरफ्तारी रविवार को वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र स्थित टीसीआई एक्सप्रेस कूरियर सर्विस, गोविंदपुर परमानंदपुर से की गई। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति असम से गांजे की बड़ी खेप मंगाकर वाराणसी तथा आसपास के जिलों में सप्लाई करता है। सूचना के आधार पर एसटीएफ फील्ड इकाई वाराणसी ने निगरानी बढ़ाई और टीसीआई एक्सप्रेस कूरियर कार्यालय में छापेमारी की।
जांच के दौरान गोदाम में रखे एक संदिग्ध पैकेट की ली गई तलाशी
जांच के दौरान गोदाम में रखे एक संदिग्ध पैकेट की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद मौके पर मौजूद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह असम से गांजे की खेप मंगवाकर वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में तस्करों तक पहुंचाता था।
गांजे की खेप को कूरियर के माध्यम से भेजते थे तस्कर
एसटीएफ की जांच में यह भी सामने आया कि तस्कर गांजे की खेप को कूरियर के माध्यम से भेजते थे और पहचान छिपाने के लिए फर्जी नाम-पते का इस्तेमाल करते थे। माल प्राप्त करने के लिए भी फर्जी पहचान का सहारा लिया जाता था। आरोपी को प्रत्येक किलो गांजा की आपूर्ति पर लगभग 3800 रुपये का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाता था।
धारा 8/20/25/27ए एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया मुकदमा
इस मामले में एसटीएफ द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध केस संख्या 07/2026, धारा 8/20/25/27ए एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है।एसटीएफ अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)