Khabrilaal News Desk :
वाराणसी - के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित भदैनी इलाके में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 48 वर्षीय व्यक्ति ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
देर रात कमरे में उठाया खौफनाक कदम
मृतक की पहचान रविराज उपाध्याय के रूप में हुई है, जो पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। बुधवार देर रात उन्होंने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पत्नी ने देखा तो उड़ गए होश
घटना की जानकारी उस समय हुई जब भोर करीब 3 बजे उनकी पत्नी रिंकी की नींद खुली और वह दूसरे कमरे में पहुंचीं। वहां पति को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत अपने देवर शशिराज को सूचना दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन तत्काल उन्हें नीचे उतारकर नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जमीन विवाद से थे परेशान, परिवार में दो छोटी बेटियां
बताया जा रहा है कि मृतक ज्योतिष और पंचांग से संबंधित कार्य करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटी बेटियां (लगभग 8 और 6 वर्ष) हैं। परिजनों के अनुसार, जमीन विवाद के चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।
आत्महत्या से पहले किया था परिचितों को फोन
परिजनों ने बताया कि आत्महत्या से पहले उन्होंने कई परिचितों को फोन कर हालचाल पूछा था, जिससे किसी को भी इस घटना का अंदेशा नहीं हुआ।
मूल रूप से सोनभद्र के निवासी थे मृतक
मृतक मूल रूप से Sonbhadra जिले के घोरावल क्षेत्र के निवासी थे, लेकिन कई वर्षों से भदैनी में रह रहे थे।
पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Comments (0)