Khabarilaal News Desk :

वाराणसी/गोरखपुर। मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वाराणसी के वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. मनोज तिवारी को गोरखपुर में आयोजित एक विशेष समारोह में सम्मानित किया गया। हेल्थी इंडिया ग्रीन इंडिया फाउंडेशन एवं होम्योशक्ति फाउंडेशन द्वारा उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के प्रति समाज को जागरूक करने और उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में हेल्थी इंडिया ग्रीन इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं होम्योशक्ति फाउंडेशन के सदस्य डॉ. उपकार किशोर अग्रहरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने डॉ. तिवारी को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बढ़ रही चुनौतियां

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. मनोज तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में समाज के विभिन्न वर्गों में तनाव, अवसाद और भावनात्मक असंतुलन तेजी से बढ़ रहा है। इसके कारण हत्या और आत्महत्या जैसी घटनाओं में भी वृद्धि देखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता ऐसी समस्याओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। लोगों को शारीरिक स्वास्थ्य की तरह मानसिक स्वास्थ्य की भी नियमित जांच करानी चाहिए।

25 वर्षों से चला रहे जागरूकता अभियान

डॉ. मनोज तिवारी पिछले 25 वर्षों से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अब तक 12 पुस्तकों का लेखन किया है तथा अनेक पुस्तकों में अध्याय भी लिखे हैं। इसके अलावा उनके 85 से अधिक लेख विभिन्न स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।

मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के बीच लगातार कार्य किया है।

हजारों लोगों को मिला नि:शुल्क परामर्श

डॉ. तिवारी द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस, पीएसी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), रेलवे सुरक्षा बल (RPF), एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, एनसीसी, एनएसएस, बंदीजनों, गरीब महिलाओं तथा विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से नि:शुल्क मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जाते हैं।

उनके परामर्श और मार्गदर्शन से लाखों लोगों को तनाव प्रबंधन में सहायता मिली है, जबकि सैकड़ों लोगों को आत्महत्या जैसे कदम उठाने से बचाने में भी सफलता मिली है।

समाज सेवा के लिए मिला सम्मान

डॉ. उपकार किशोर अग्रहरी ने कहा कि यह सम्मान डॉ. मनोज तिवारी की मनोचिकित्सा, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और समाज सेवा के प्रति समर्पित कार्यों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

बड़ी संख्या में विशेषज्ञ रहे उपस्थित

इस अवसर पर डॉ. नितिश राय, दिशा देवरिया मंडल के मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक, दिशा वाराणसी मंडल के मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक मनीष सिंह, बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के डॉ. आशीष सिंह, बीएचयू की डॉ. प्रतिभा पांडेय, मनीष राय, शिप्रा सहित वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर और गोरखपुर के अनेक वरिष्ठ परामर्शदाता एवं विशेषज्ञ मौजूद रहे।

BUREAU : CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

2 + 5 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!