Khabarilaal News Desk :

वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी इस वर्ष अक्टूबर महीने में एक ऐतिहासिक और रोमांचक आयोजन की गवाह बनने जा रही है। भारतीय वायुसेना (IAF) पहली बार वाराणसी के नमो घाट पर गंगा किनारे भव्य एयर शो आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इस आयोजन में भारतीय वायुसेना की ताकत, तकनीक और शौर्य का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

सूर्य किरण टीम होगी मुख्य आकर्षण

 

एयर शो का मुख्य आकर्षण भारतीय वायुसेना की विश्व प्रसिद्ध एरोबेटिक टीम ‘सूर्य किरण’ होगी। यह टीम अपने 9 हॉक विमानों के साथ आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएगी। साथ ही तिरंगे के रंगों से आसमान को सजाकर देशभक्ति का संदेश देगी।

बाबतपुर एयरपोर्ट बनेगा बेस

जानकारी के अनुसार सूर्य किरण टीम के 9 हॉक विमान अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। विमानों की पार्किंग के लिए विशेष हैंगर और रनवे की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

मुख्य आयोजन से पहले वायुसेना की टीम द्वारा कई दिनों तक रिहर्सल और अभ्यास सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

राफेल, तेजस और सुखोई भी होंगे शामिल

एयर शो में सूर्य किरण टीम के अलावा भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान राफेल, तेजस और सुखोई-30 भी शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा विभिन्न एयरबेस से करीब 50 से अधिक फाइटर जेट्स और हेलिकॉप्टर्स काशी के आसमान में अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे।

लाखों दर्शकों के पहुंचने की संभावना

प्रशासन और वायुसेना के अधिकारियों ने नमो घाट और गंगा पार रेती क्षेत्र का निरीक्षण किया है। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और बैठने की विशेष व्यवस्था की जा रही है।

उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा एयर शो

प्रयागराज में आयोजित एयर शो के बाद यह उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा एयर शो माना जा रहा है। आयोजन को लेकर प्रशासन और वायुसेना के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है।

अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में काशी का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य, पराक्रम और तकनीकी कौशल का साक्षी बनेगा।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

7 + 2 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!