Khabarilaal News Desk :
पिंडरा। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आरोग्य आयुष्मान केंद्र कनकपुर की ओर से ग्राम सभा समोगरा स्थित पंचायत भवन में निःशुल्क डिजिटल एक्स-रे एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
शिविर का उद्घाटन वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर के जिला समन्वयक सतीश सिंह ने किया। इस दौरान लोगों को टीबी की पहचान, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक भी किया गया।
75 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
स्वास्थ्य शिविर में कुल 75 लोगों का डिजिटल एक्स-रे और रक्तचाप (बीपी) परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 12 संदिग्ध क्षय रोगी (टीबी) और 8 उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) के मरीज चिन्हित किए गए।
सभी संदिग्ध मरीजों को आगे की जांच और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा भेजा गया, ताकि समय पर उनका इलाज शुरू किया जा सके।
ट्रू-नाट मशीन से अब जल्द मिलेगी रिपोर्ट
कार्यक्रम के दौरान एसटीएलएस सुजीत वर्मा और वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक राजेश कुमार ने ग्रामीणों एवं आशा कार्यकर्ताओं को बताया कि पिंडरा में ट्रू-नाट मशीन स्थापित होने के बाद टीबी जांच की रिपोर्ट अब पहले की तुलना में काफी तेजी से उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि पहले मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए लगभग 10 दिनों तक इंतजार करना पड़ता था, जबकि अब रिपोर्ट जल्द मिल सकेगी। साथ ही निश्चय पोर्टल पर मरीजों की आभा आईडी लिंक करने के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया।
टीबी मुक्त भारत अभियान को मिल रही मजबूती
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी की समय पर पहचान कर मरीजों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना है। इससे प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को मजबूती मिलेगी और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक जगदीश नारायण सिंह एवं राजेश कुमार, एसटीएलएस सुजीत वर्मा, पीरामल फाउंडेशन से संगीता एवं सोनाली, श्री लक्ष्मीकुंड फाउंडेशन से गौतम, विकास, मनोज एवं ईश्वरलाल, टीबी चैंपियन अहमद, एक्स-रे टेक्नीशियन दीपक कुमार, एचएलएफपीपीटी के जिला समन्वयक चंद्रशेखर, एएनएम कोमल देवी तथा पंचायत सहायक निधि का विशेष सहयोग रहा।
Comments (0)