Khabarilaal News Desk
वाराणसी के वाराही घाट पर आज सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया जब राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की तैनात टीम ने गंगा नदी में डूब रहे एक युवक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सुबह लगभग 08:40 बजे पिकेट ड्यूटी पर मौजूद एनडीआरएफ कर्मियों ने देखा कि एक व्यक्ति स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। स्थिति को गंभीर देखते हुए बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बिना देरी किए नदी में छलांग लगाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
लाइफ बॉय की मदद से टीम ने युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर घाट पर पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी।
गोपालगंज के युवक की हुई पहचान
बचाए गए युवक की पहचान पुनीत शर्मा (28 वर्ष), पुत्र विवेक शर्मा, निवासी गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई है। समय पर की गई कार्रवाई के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को प्रत्यक्ष देखा और एनडीआरएफ टीम की तत्परता की सराहना की।
एनडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से टली अनहोनी
घटना ने एक बार फिर साबित किया कि आपदा की स्थिति में एनडीआरएफ की तत्परता और प्रशिक्षण कितना प्रभावी है। टीम की तेज़ प्रतिक्रिया ने युवक की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
उप महानिरीक्षक ने की अपील
इस अवसर पर एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा ने लोगों से अपील की कि नदियों और जलाशयों में स्नान करते समय पूरी सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि गहरे पानी में जाना, चेतावनी संकेतों की अनदेखी करना और सुरक्षा निर्देशों की अवहेलना करना जानलेवा साबित हो सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से मानसून के दौरान बढ़ते जलस्तर और तेज़ धारा को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही डूबने की घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।
BUREAU : CHANDAN KUMAR
Comments (0)