Khabarilaal news desk
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। एयरपोर्ट से लेकर शहर के विभिन्न मार्गों तक ‘हर-हर महादेव’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पूरे शहर को सूचना विभाग द्वारा होर्डिंग, स्टैंडी, कटआउट आदि से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
नारी शक्ति ही हैं, नए भारत की असली ताकत-नरेन्द्र मोदी
इस दौरान प्रधानमंत्री ने बीएलडब्ल्यू मैदान में आयोजित विशाल महिला सम्मेलन को संबोधित किया, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। सम्मेलन स्थल पर महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सम्मेलन में प्रतिभाग के रही महिलाओं को बैठने के बनाए गए सभी सेक्टर में प्रधानमंत्री ने स्वयं जाकर महिलाओं का अभिवादन किया।
हमारी सरकार देश की नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध-पीएम, नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी वंदन सम्मेलन में “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने काशी की आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नगरी माता श्रृंगार गौरी, माता अन्नपूर्णा, माता विशालाक्षी, माता संकट मोचन की शक्ति और मां गंगा की पावन धारा से समृद्ध है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र भूमि पर बहनों का यह विशाल समागम कार्यक्रम को और अधिक दिव्य बना रहा है। प्रधानमंत्री ने काशी की महिलाओं को नमन करते हुए कहा कि आज का यह अवसर नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव है। उन्होंने बताया कि इस दौरान हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, जो क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई के लिए शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों से आम जनता को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे महाराष्ट्र के लोगों को काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या आने के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें भारत की नारी शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह एक नए युग की शुरुआत के लिए माताओं-बहनों का आशीर्वाद लेने आए हैं। साथ ही उन्होंने महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाते हुए महिला आरक्षण को लागू करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
काशी दिव्य शक्तियों की भूमि है-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार उनकी प्रगति में हर संभव सहयोग दे रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि “नारी शक्ति ही नए भारत की असली ताकत है, और जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो पूरा समाज आगे बढ़ता है।” पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लंबे समय तक महिलाएं उपेक्षित रहीं। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाओं से सवाल तक नहीं पूछे जाते थे और सीधे निर्णय थोप दिए जाते थे। यह स्थिति केवल काशी ही नहीं, बल्कि देश के अधिकांश हिस्सों में बहन-बेटियों का अनुभव रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब वह करीब 25 वर्ष पहले गुजरात के मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने इस सोच को बदलने का संकल्प लिया। उन्होंने बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं शुरू की, जिससे अधिक से अधिक लड़कियां स्कूल पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जब देश की माताओं-बहनों ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तब से भारत तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
BJP और NDA की सोच “नारी शक्ति का सम्मान” और “नागरिक देवो भव:” की भावना पर आधारित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ परिवारवादी दल नारी शक्ति से भयभीत हैं और नहीं चाहते कि महिलाएं विधानसभा और संसद तक पहुंचें। विपक्ष को डर है कि यदि महिलाएं बड़ी संख्या में राजनीति में आईं, तो उनकी पारंपरिक राजनीति समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अपनी भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सोच “नारी शक्ति का सम्मान” और “नागरिक देवो भव:” की भावना पर आधारित है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे देश को विकसित बनाने के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें।उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि वे नारी वंदन के इस प्रयास को लागू करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कहा कि विपक्षी दलों की वजह से लक्ष्य अधूरा रह गया।' 'महिलाओं के सशक्तीकरण से देश मजबूत होगा।'
देश के कल्याण के एक महत्वपूर्ण लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उनके आशीर्वाद की आवश्यकता
उन्होंने बताया कि 30 करोड़ से अधिक बहनों के लिए बैंक खाते खोले गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मेलन में महिलाओं से कहा कि वे इस कार्यक्रम में महा यज्ञ के प्रारंभ के लिए सभी बहनों और बेटियों का आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि काशी के सांसद के रूप में, देश के प्रधानमंत्री के रूप में, देश के कल्याण के एक महत्वपूर्ण लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उनके आशीर्वाद की आवश्यकता है। और यह महत्वपूर्ण लक्ष्य लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना है। उन्होंने महिलाओं को आश्वस्त किया कि महिलाओं के आरक्षण अधिकारों को लागू करवाने के लिए वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
प्रधानमंत्री ने काशी के विकास कार्यों का भी किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने काशी के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में वाराणसी का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। शहर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है और पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परियोजना काशी की पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
सड़कों का चौड़ीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विकास से शहर में नया जीवन
उन्होंने कहा कि गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण, सड़कों का चौड़ीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विकास से शहर में नया जीवन आया है। प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल राजनीति के लिए काम करते हैं, जबकि उनकी सरकार देश के विकास और जनता के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बिना भेदभाव के सभी वर्गों के लिए काम किया है और यही कारण है कि जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

Comments (0)